झांसी: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने झांसी में पुष्पेंद्र यादव एनकाउंटर केस में योगी सरकार और पुलिस पर कई सवाल उठाए। गुरुवार को उन्होंने कहा कि यूपी में रामराज्य नहीं नाथूरामराज्य चल रहा है। अखिलेश ने कहा कि पुष्पेंद्र का फर्जी एनकाउंटर किया गया। हमें और आपको सरकार ने शौचालय में उलझा दिया और खुद बड़ी-बड़ी डील कर लीं। बुंदेलखंड में बनने वाले डिफेंस कॉरिडोर में क्या बनेगा? जब फ्रांस से नींबू तोड़कर राफेल आएगा तो लड़ाकू विमान का कौन सा पार्ट यहां बनेगा?
पुलिस के मुताबिक, बालू से लदा ट्रक सीज होने से गुस्साए पुष्पेंद्र ने शनिवार रात मोंठ थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह चौहान को गोली मारी थी। उन्हें जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस ने पुष्पेंद्र को गुरसराय इलाके में घेर लिया और मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से उसकी मौत हो गई थी। सपा अध्यक्ष अखिलेश ने इस एनकाउंटर पर सरकार से सात सवाल पूछे हैं।
एनकाउंटर का समय क्या था?
पुलिस की मानें तो रात में एनकाउंटर हो गया, लेकिन दिनभर लाश क्यों घुमाते रहे?
शाम को क्यों पोस्टमार्टम कराया गया?
परिवार और पुलिस के बयान में अंतर क्यों?
गाड़ी में सीट के पीछे खून था?
एंबुलेंस कैसे पीछे पीछे चल रही थी?
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अभी तक क्यों नहीं आई?
आतंकवाद का डर दिखाकर वोट लिया
अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने पाकिस्तान और आतंकवाद से डर दिखाकर लोगों के वोट ले लिए। अमेरिका ने पाकिस्तान को एफ-16 और हमें सी17 ग्लोबमास्टर देकर दोनों देशों को लड़ाने का काम किया। रामपुर के सपा सांसद आजम खान पर कार्रवाई को लेकर कहा कि क्या एक शख्स (आजम खान) जो कई बार विधायक रहा हो, सांसद हो, उम्रदराज हो। वह किसी की बकरी या भैंस चुरा सकता है? किताबें चोरी कर सकता है? सरकार के इशारे पर उनके खिलाफ 80 से अधिक केस दर्ज कर दिए गए और अभी भी किए जा रहे हैं।
योगी सरकार तेल मालिश वाले को बचा रही
अखिलेश यादव ने चिन्मयानंद केस पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि तेल मालिश वाला वीडियो सभी ने देखा होगा, उसे बचाने में पूरी सरकार लगी हुई है। वह बेटी (लॉ छात्रा) जेल चली गई। उन्नाव की घटना में बेटी को न्याय नहीं मिला, उसके पिता की हत्या हो गई, तब जाकर सुप्रीम कोर्ट से उसे इंसाफ मिला। बेटी के परिवार को एक्सीडेंट में मारने की साजिश रची गई।
उत्तर प्रदेश में राम नहीं नाथूरामराज्य:अखिलेश

