नई दिल्ली:उत्तर पूर्वी दिल्ली में मरने वालों की संख्या बढ़कर अब तक 53 हो गई है। अस्पताल के अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी। गुरुतेग बहादुर अस्पताल में गुरुवार को मौत के छह और मामले आने के बाद यह संख्या बढ़कर 44 हो गई।
राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पांच, एलएनजेपी अस्पताल में तीन, और जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में एक मौत हुई है। इनमें दिल्ली पुलिस के हेडकांस्टेबल रतनलाल और आईबी ऑफिसर अंकित शर्मा भी शामिल हैं।
दिल्ली हिंसा में 654 केस दर्ज
दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कहा कि हाल में उत्तरपूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के सिलसिले में उसने 600 से अधिक मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने अपना बयान जारी कर कहा कि 654 दर्ज मामलों में से 47 शस्त्र कानून से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने कहा कि कुल 1820 लोगों को सांप्रदायिक दंगों के मामले में या तो हिरासत में लिया गया है या गिरफ्तार किया गया है।
संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में उत्तरपूर्वी दिल्ली में हुई सांप्रदायिक हिंसा में 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
इससे पहले, गुरुवार को आम आदमी पार्टी के निलंबित निगम पार्षद ताहिर हुसैन को उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह दिल्ली हिंसा में अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद सरेंडर के लिए दिल्ली कोर्ट पहुंचे थे। ताहिर को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अपनी कस्टडी में लिया।
कोर्ट ने कहा- वेबसाइट पर दें मृतकों की पूरी जानकारी
उधर, दिल्ली होईकोर्ट ने गुरुवार को पुलिस को निर्देश दिया कि वह उत्तरपूर्वी दिल्ली में दंगों के दौरान सरकारी अस्पतालों के शवगृहों में लाए गए अज्ञात शवों के बारे में अपनी आधिकारिक वेबसाइटों पर पूरी जानकारी प्रकाशित करे। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ मृदुल और न्यायमूर्ति आई एस मेहता की पीठ ने एक याचिका पर सुनवाई के दौरान यह निर्देश जारी किया। उत्तरपूर्वी दिल्ली में हाल में हुए दंगों के बाद से लापता अपने एक रिश्तेदार के बारे में जानकारी को लेकर एक व्यक्ति ने यह याचिका दायर की थी।
अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया है कि वह लापता हमजा के बारे में पता लगाने के लिए ‘हर संभव प्रयास करें। अदालत में पुलिस का प्रतिनिधित्व दिल्ली सरकार के स्थायी वकील (अपराध) राहुल मेहरा और वकील चैतन्य गोसैन कर रहे थे। सुनवाई के दौरान मेहरा ने अदालत से कहा कि दिल्ली सरकार याचिकाकर्ता अंसारी मोहम्मद आरिफ को उन सभी अस्पतालों के शवगृहों में जाने की सुविधा उपलब्ध कराएगी जहां दंगे के दौरान मारे गए लोगों के शव रखे गए हैं।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली हिंसा में मरनेवालों की संख्या बढ़कर हुई 53

