नई दिल्ली:बीजेपी नेता उमा भारती ने ट्वीट कर एक बार फिर बताया है कि वे छह मई तक ही चुनाव प्रचार के लिए उपलब्ध रहेंगी। उमा ने एक के बाद एक पांच ट्वीट किए हैं। एक ट्वीट में उन्होंने दावा किया कि मैं झांसी या कहीं से भी चुनाव जीत सकती थी, सरकार तो बननी ही है, मैं शायद मंत्री भी बनती। किंतु मुझे गंगा के किनारे डेढ़ साल बिताना है, यही अनुरोध मैंने अपनी पार्टी से किया।
उमा भारती ने लिखा कि अमित शाह जी ने मेरी भावनाओं का सम्मान करते हुए, बीजेपी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया। उन्होंने लिखा कि 6 मई तक चुनाव प्रचार में रहूंगी, फिर उसके बाद 7 मई को जब गंगोत्री का पट खुलेगा तो वहां रहूंगी, फिर उसके बाद गंगा अभियान की तैयारी शूरू करूंगी। आप सभी लोग अब इसके लिए तैयार हो जाइए। हमारा यह अभियान 2021 के जनवरी तक चलेगा।
उमा भारती ने लिखा, ‘कल कन्नौज एवं कानपुर की सभाएं कर के रात में कानपुर रही। कानपुर तो मेरे दिल में धड़कती है, जिस दिन कानपुर की गंगा का एक लोटा जल पी लूंगी, तभी घोषित करूंगी कि मेरा काम पूरा हो गया।’
उन्होंने लिखा कि अभी मैं उन्नाव की तरफ बढ़ती हुई गंगा के पुल से गुजरी। वहां मैंने गाड़ी रोकी और प्रणाम किया। गंगा को देखकर खुशी एवं क्षोभ दोनों भावनाएं एक साथ आ जाती हैं, आज भी वैसा ही हुआ।
एक अन्य ट्वीट में उमा भारती ने लिखा कि 2021 जनवरी में सूर्य के उत्तरायण होते ही प्रयाग में गंगा का महासम्मेलन होगा, मुझे लगता है कि तब तक हमारी सरकारी योजनाएं भी फलीभूत हो जाएंगी, फिर उसके बाद जो शेष रहेगा उसकी घोषणा हम उस महासम्मेलन में करेंगे। गंगा की हम सब संतानें एक दूसरे से जुड़े रहें।
उमा भारती का ट्वीट, झांसी या फिर कहीं से भी जीत सकती थी चुनाव

