अयोध्या:शिवसेना प्रमुख उद्घव ठाकरे रविवार को अयोध्या पहुंच गए। उन्होंने आज अपने सांसदों के साथ रामलला के दर्शन किए। यहां पर उद्घव समेत उनके सभी सांसदों को राज्य अतिथि का दर्जा प्राप्त है।
आईएएनएस के अनुसार, शिवसेना के प्रदेश प्रमुख अनिल सिंह ने बताया कि अभी तक शिवसेना के केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत, सांसद संजय यादव, सांसद सदाशिव लोखंडे व सांसद ओम राजे सहित कुछ अन्य सांसद पहुंच चुके हैं।
उन्होंने बताया कि शिवसेना के कुछ सांसद शनिवार देर रात ही अयोध्या पहुंच गए थे। वह होटल में रुके, जहां से रविवार सुबह वे उद्घव ठाकरे के साथ रामलला का दर्शन करने गए। सांसदों का कहना है कि वे रामलला की धरती पर आकर खुद को धन्य मानते हैं, उनके मन में राम जन्मभूमि के दर्शन करने की व्याकुलता है।
अनिल सिंह ने कहा, ‘सभी सांसदों का मत है कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बने यह शिवसेना ही नहीं, संपूर्ण भारत का हिंदू समाज चाहता है।’ इससे पहले शिवसेना नेता संजय राउत ने शनिवार को कहा कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे पिछले साल नवंबर में किया गया वादा पूरा कर रहे हैं कि वह चुनाव बाद यहां फिर आएंगे। उन्होंने रामलला को राजनीति का नहीं बल्कि आस्था का विषय बताया। राउत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘रामलला राजनीति का विषय नहीं हैं बल्कि आस्था का मसला हैं। हमने राम के नाम पर वोट नहीं मांगा और ना ही भविष्य में मांगेंगे। जब वह (उद्धव) नवंबर में अयोध्या आये थे तो चुनाव बाद फिर आने का वायदा किया था। वह अपना वादा पूरा कर रहे हैं।’

