मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय बजट को निराशाजनक बताया है। उन्होंने कहा- देश में विकास के इंजन महाराष्ट्र और मुंबई के साथ बजट में अन्याय किया गया है। कभी भाजपा के सहयोगी रहे ठाकरे ने कहा- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया बजट वास्तविकता से दूर है। बजट में किसानों, महिलाओं, बच्चों और विकलांगों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं है।
ठाकरे ने कहा- यह बजट मुंबई में बुनियादी सुविधाओं के विकास और मेगापोलिस में मेट्रो परियोजनाओं के विकास का समर्थन नहीं करता है। उपनगरीय रेलवे नेटवर्क (मुंबई में) और प्रस्तावित लाइनों (मध्य और पश्चिमी रेलवे मार्गों पर) के विकास का कोई उल्लेख नहीं है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन जैसी परियोजनाओं की घोषणा के अलावा राज्य में रेलवे नेटवर्क के विकास को कोई गति नहीं दी गई है।
उन्होंने केंद्र पर सांस्कृतिक रूप से समृद्ध महाराष्ट्र के किसी भी स्थल को आईकॉनिक बनाने पर विचार नहीं करने पर भी सवाल उठाया है। ज्ञात हो कि वित्त मंत्री ने बजट में राखीगढ़ी (हरियाणा), हस्तिनापुर (उत्तर प्रदेश), शिवसागर (असम), धोलावीरा (गुजरात) और आदिचेनल्लूर (तमिलनाडु) को आईकॉनिक स्थलों के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। ठाकरे ने कहा- गुजरात में अंतर्राष्ट्रीय वित्त केंद्र को मजबूत किया गया है, जबकि देश के विकास में सबसे अधिक योगदान देने वाले मुंबई को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा- एलआईसी में हिस्सेदारी को विभाजित करने और रेलवे के संभावित निजीकरण में अर्थव्यवस्था की अनिश्चित स्थिति दिखाई देती है। चालू वित्त वर्ष के लिए विकास दर 5 प्रतिशत है, जबकि 2020-21 के आर्थिक सर्वेक्षण में 6 से 6.5 प्रतिशत का अनुमान था। विकास दर की इस वृद्धि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था वाले देश बनाने के सपने को हासिल करने की क्षमता नहीं है।
उन्होंने वित्त मंत्री के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स ने स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (एसएमई) को राहत दी है। ठाकरे ने कहा- रोजगार पैदा करने वाले उद्योगों को प्रोत्साहित करने की जरूरत थी। लेकिन बजट में इस तरह के कदमों की घोषणा नहीं की गई। छोटे और मध्यम उद्यमों को जीएसटी के आधार पर बदल दिया गया है। लोगों की क्रय शक्ति कम हो गई है, जिससे छोटे पैमाने के उद्योग प्रभावित हुए हैं। श्रमिकों को परेशानी में डाला गया है।

