मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों के बीच भाजपा ने महाविकास अघाड़ी (शिवसेना, कांग्रेस-राकांपा) सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को प्रदेशभर के भाजपा नेता काले कपड़े में ताली और थाली बजाकर विरोध कर रहे हैं। भाजपा की ओर से इसे ‘मेरा आंगन मेरा रणगन (मेरा घर, मेरा युद्ध)- महाराष्ट्र बचाओ’ अभियान का नाम दिया गया है। एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से आह्वान किया गया था कि लोग काला कपड़ा पहनकर बालकनी में आएं और उद्धव सरकार के खिलाफ नारे लगाएं और बैनर दिखाएं। भाजपा का मानना है कि महाविकास अघाड़ी सरकार राज्य में कोरोनावायरस समस्या को संभालने में नाकाम रही है।
नागपुर में भाजपा नेताओं ने हनुमान चालीसा पढ़ा
नागपुर, पुणे और मुंबई समेत राज्य के कई हिस्सों में भाजपा के विधायक, सांसद और कार्यकर्ता प्रदर्शन करते नजर आए। संक्रमणकाल को देखते हुए प्रदर्शन के लिए दोपहर एक बजे तक का समय निर्धारित था। नागपुर में एक जगह तो भाजपा के नेताओं ने हनुमान मंदिर के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ा। नागपुर में सांसद विकास महात्मे सड़क किनारे सीढ़ी पर चढ़कर प्रदर्शन करते दिखे। मुंबई में फडणवीस ने भाजपा कार्यालय के बाहर हाथ में तख्ती लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री विनोद तावड़े भी मौजूद थे। इसी तरह प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने भी हाथों में तख्ती लेकर पुणे में प्रदर्शन किया।
बच्चों की तस्वीर पोस्ट कर आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर किया पलटवार
भाजपा के इस राज्यव्यापी विरोध के बीच पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने अपने ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट की है। इसमें कुछ बच्चे हाथ में भाजपा का झंडा लिए और काले कपड़े पहने हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। इस तस्वीर के साथ आदित्य ठाकरे ने लिखा है,’बेहद शर्मनाक, राजनीति के लिए भाजपा के लोगों ने बच्चों कड़ी धूप में बाहर खड़ा कर दिया। वह भी बिना मास्क और बिना चेहरे को ढके हुए। हमें उन्हें बचाना है। कोरोना को भूल गए, राजनीति प्यारी है।
शिवसेना ने इसे बताया मजाक
शिवसेना की ओर से प्रवक्ता मनीषा कयांडे ने इसकी आलोचना की। कहा- यह एक महामारी का काल है। सरकार वह सब कुछ कर रही है जो वह कर सकती है। भाजपा चाहती है कि लोग काले मास्क और दुपट्टे पहनें और तख्तियों के साथ अपनी बालकनियों में खड़े हों, क्या यह एक मजाक है?
भाजपा सरकार को अस्थिर करने के एजेंडे से काम कर रही है: कांग्रेस
कांग्रेस के महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने भाजपा पर हमला बोला। कहा- जब दुनिया अभूतपूर्व संकट के दौर से गुजर रही है, ऐसे समय में भाजपा, सरकार विरोधी भावना को उकसाने का प्रयास कर रही है। थोराट ने कहा- भाजपा सरकार को अस्थिर करना चाहती है। यह उनके एजेंडे में लंबे समय से है।
उद्धव सरकार के खिलाफ काले कपड़े पहनकर भाजपा नेताओं का प्रदर्शन, आदित्य ने कहा- कोरोना भूले, राजनीति जारी

