राजकुमार गौतम/बस्ती (यूपी)। लालगंज थाना अंतर्गत कल्यानपुर गन्ना क्रय केंद्र के सामने राम जानकी मार्ग पर बाइक सवार दो युवक गैस लदे ट्रक के साइड मार देने से गड्ढे में गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की मौत हो गई जबकि दूसरे को ओपेक चिकित्सालय कैली रेफर कर दिया गया। कलवारी थाना क्षेत्र के वैष्णवपुर गोलवा निवासी 25 वर्षीय अक्षय उर्फ घन्नू पुत्र हरीलाल चकिया ग्राम पंचायत के भरवलिया उर्फ टिकुइया गांव में अपनी ननिहाल आए थे। यहां से अक्षय गांव के ही 40 वर्षीय रामदेव पुत्र संतू के साथ बाइक से कुदरहा चले गए। दोपहर में लौटते समय जैसे ही गन्ना क्रय केंद्र कल्यानपुर के पास पहुंचे पीछे से आए गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने बाइक को ठोकर मार दिया। जिससे बाइक सवार पेड़ से टकराकर सड़क के किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरे। घटना की सूचना पाते ही चौकी इंचार्ज कुदरहा देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाए। जहां डाक्टर ने अक्षय उर्फ घन्नू को मृत घोषित कर दिया। घायल रामदेव को ओपेक चिकित्सालय बस्ती रेफर कर दिया गया। अक्षय का शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक की माता ने बताया कि वह दो दिन पहले मुंबई से से आया था। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर का था।

