नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने विदेश मामलों की संसदीय कमेटी में शामिल होने से इनकार कर दिया है। थरूर पिछले साल इस कमेटी के अध्यक्ष थे। न्यूज एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, वे इस बार दोबारा अध्यक्ष न बनाए जाने से नाराज थे। हाल ही में थरूर ने दावा किया था कि सरकार ने विपक्षी नेता को इस कमेटी का अध्यक्ष बनाने की परंपरा खत्म करने का फैसला कर लिया है।
लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने पिछले महीने ही थरूर को इस कमेटी के सदस्य के तौर पर नामित किया था। थरूर ने इसके लिए स्पीकर का शुक्रिया जताते हुए कहा कि वे उस पैनल का सदस्य नहीं बनना चाहते, जिसकी उन्होंने कभी अध्यक्षता की थी। थरूर ने कहा कि वे पहले ही सूचना प्रौद्योगिकी मामलों के लिए बनाई गई स्टैंडिंग कमेटी की अध्यक्षता कर रहे हैं। ऐसे में उनके पास पहले ही जिम्मेदारी है।

