बैंगलोर। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के तत्वावधान में तेरापंथ युवक परिषद् विजयनगर द्वारा सीपीएस अकादमी फॉर लीडरशिप एंड एक्सीलेंस के अंतर्गत नेशनल ट्रेनर वर्कशॉप का भव्य उद्घाटन अंकित विस्टा रिसोर्ट, बैंगलोर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक नमस्कार महामंत्र से हुई, तत्पश्चात विजय गीत का संगान और आस्था की पुष्टि के लिए श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन करवाया गया।
अभातेयुप राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने कार्यशाला के विधिवत शुभारंभ की घोषणा करते हुए अध्यक्षीय वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि सीपीएस अकैडमी व्यक्तित्व विकास के साथ नेतृत्व विकास और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य कर रही है। तेयुप विजयनगर देश भर में अपने कार्यों के द्वारा विशिष्ट पहचान बना चुकी है। उन्होंने सीपीएस की प्रारंभ से अकादमी के रूप में विकसित होने तथा सरकारी स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन तक की जानकारी साझा की। परिषद् अध्यक्ष विकास बाँठिया ने स्वागत करते हुए प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विमल कटारिया ने सभी प्रतिभागियों की सफलता हेतु शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में सफल बनने के लिए सकारात्मक सोच और सही दिशा का निर्धारण अहम होता है। इसके अलावा हर व्यक्ति के जीवन में दाता भाव का होना बहुत जरूरी है । जब आप परोपकार के उद्देश्य से कार्य करते है तो आपके उत्थान के लिए कोई शक्ति कार्य करने लग जाती है । सीपीएस अकादमी के राष्ट्रीय प्रभारी दिनेश मरोठी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक अरविन्द मांडोत, सह-प्रशिक्षक रक्षा मांडोत एवं बबिता रायसोनी को आगामी सत्रों के संचालन हेतु मंच सुपुर्द किया गया। परिषद् की ओर से सभी प्रतिभागियों एवं अभातेयुप पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर परिषद् पूर्व अध्यक्ष अमित दक, कमलेश चोपड़ा की गरिमामय उपस्थिति रही। गौरतलब है कि 80 घंटे निरंतर गतिमान रहने वाली इस कार्यशाला में सभी प्रशिक्षुओं को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है और हर परिस्थिति और अनेक विषयों पर सामयिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इस कार्यशाला में राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, कर्नाटक राज्यों के चयनित प्रशिक्षक भाग ले रहें है। दीक्षांत समारोह आगामी रविवार को आयोजित होगा। कार्यशाला के व्यवस्थाओं में तेयुप विजयनगर से उपाध्यक्ष पवन बैद, सहमंत्री अमित नाहटा, कार्यशाला संयोजक विनीत गांधी सहित परिषद् परिवार के अनेक सदस्यों का विशेष श्रम नियोजित हुआ ।
तेयुप विजयनगर द्वारा सीपीएस नेशनल ट्रेनर वर्कशॉप का भव्य आगाज

