अमराईवाडी। आचार्य श्री महाश्रमणजी की सुशिष्या शासनश्री साध्वीश्री मधुबालाजी के सान्निध्य में तेरापंथ महिला मंडल अमराईवाडी का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सिंघवी भवन के प्रांगण में हुआ। शपथ दिलाने हेतु राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्या श्रीमती अदितिजी सेखानी का पधारना हुआ। कार्यक्रम की मंगल शुरुआत महिला मंडल की बहनों ने प्रेरणा गीत के द्वारा की।
तत्पश्चात नवनिर्वाचित अध्यक्षा श्रीमती संगीताजी सिंघवी ने अपनी कार्यसमिति की घोषणा की। ऊर्जावान कार्यसमिति सदस्या श्रीमती अदिति जी सेखानी ने पूरी टीम को शपथ दिलाई एवं सभी को बधाई देते हुए अपने विचार व्यक्त किए। अध्यक्षा श्रीमती संगीताजी सिंघवी ने स्वागत वक्तव्य देते हुए सभी बहनों से कहा आपने जिस विश्वास से मुझे पद सौंपा है, मैं आपके विश्वास को दुगना करने का प्रयास करूंगी। मैंने पद को भार नहीं उपहार समझकर स्वीकार किया है। 2 हाथ कुछ नहीं कर सकते, 200 हाथ जुड़ेंगे तभी कुछ काम होगा। इसलिए सभी बहनों का सहयोग अपेक्षित है। सभी सभा संस्थाओं से भी सहयोग की अपील की।
शासनश्री साध्वीश्री मधुबालाजी ने सभी बहनों को आशीर्वचन देते हुए कहा संघ और संघपति के प्रति समर्पित रहकर निष्ठा से कार्य करें। सहनशीलता, सेवा, सौहार्द और समर्पण के भाव रखकर अपने दायित्व का निर्वहन करें । साध्वीश्री मंजुलयशाजी ने TEAM का मतलब बताते हुए T- Target, E-Energetic, A- Adjusting, M- Motivational बहनों का जागृत किया।
सभा अध्यक्ष श्रीमान दिनेशजी चंडालिया, तेयुप अध्यक्ष श्रीमान विपुलजी मांडोत, तेयुप पूर्व अध्यक्ष श्रीमान सतीशजी चौरडिया ने महिला मंडल को बधाई दी और हमेशा उनसे साथ और सहकार मिलता रहेगा ऐसा विश्वास दिलाया। कार्यक्रम का कुशल संचालन पूर्व मंत्री श्रीमती सेजल मंडोत ने तथा आभार ज्ञापन मंत्री लक्ष्मी सिसोदिया ने किया। अच्छी उपस्थिति में कार्यक्रम सफल रहा। यह जानकारी मंत्री लक्ष्मी सिसोदिया ने दी।

तेरापंथ महिला मंडल अमराईवाडी का शपथ ग्रहण समारोह

