पंकज श्रीवास्तव/पटना। भले ही ऊपरी तौर पर ये दिखाया जा रहा है कि महागठबंधन में सब कुछ ठीक चल रहा है लेकिन जमीनी हकीकत ये है कि बिहार में महागठबंधन आईसीयू में है। इसे बचाने का अंतिम प्रयास जारी है। इसी बीच राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े पुत्र ने इसे एक और अटैक दे दिया है। उन्होंने अपने पसंद के कुछ उम्मीदवारों का नाम आगे बढ़ाया है। साथ ही अपनी पार्टी राजद को ये अगाह किया है कि अगर पार्टी ने उनकी बात नहीं मानी गयी तो एक नयी पार्टी बनाकर अपने पसंद के उम्मीदवार उतारेंगे। हालांकि बाद में राजद सुप्रीमो के हस्तक्षेप के बाद मान गए हैं।
जानकारी के अनुसार, तेजप्रताप ने जिन उम्मीदवारों का नाम सुझाया है उसमें जहानाबाद से चंद्रप्रकाश और शिवहर से अंगेश सिंह का नाम है। तेजप्रताप अपनी बात पर इस कदर अडिग थे कि वो इस संदर्भ में दोपहर 2.39 में प्रेस वार्ता का समय भी निर्धारित कर दिया था। माना जा रहा है कि इस बात की सूचना आनन-फानन में राँची जेल में बंद लालू प्रसाद को दी गयी। उनके हस्तक्षेप के बाद तेजप्रताप यादव ने ऐन वक्त पर इस प्रेस वार्ता को टाल दिया। अब बदले हुए परिस्थित में उनका बयान है वो अपने छोटे भाई तेजस्वी के साथ हैं। मैं अपने छोटे भाई से ये अपेक्षा रखता हूँ कि वो मेरे दिए गए दोनों नामों पर अपनी मुहर लगाएंगे। मुझे कोई नई पार्टी बनाने की मंशा नहीं है बल्कि मैं राजद का ही सिपाही और कैडर हूँ। हाँ पार्टी में सच्चे कार्यकर्ताओं का सम्मान होना चाहिए।
तेजप्रताप ने दी अपनी सियासी पार्टी बनाने की धमकी!, लालू के बीच बचाव पर माने

