मुंबई:भारत के सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षकों में शुमार रहे रॉबिन सिंह ने भी टीम इंडिया के हेड कोच पद के लिए आवेदन किया है। रॉबिन सिंह ने भारत के लिए 136 वनडे मैच खेले हैं। रॉबिन को कोचिंग का अनुभव भी है। वह 2007-08 में भारत के फील्डिंग कोच के साथ-साथ मुंबई इंडियंस के सहायक कोच के रूप में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। रॉबिन सिंह ने अपने आवेदन के बाद वर्तमान हेड कोच रवि शास्त्री पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनकी कोचिंग में भारतीय टीम दो विश्व कप सेमीफाइनल हार चुकी है और अब बदलाव का वक्त आ गया है। गौरतलब है कि 2015 के वनडे विश्व कप में रवि शास्त्री डायरेक्टर के रूप में टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा थे। यही हाल तब भी था जब भारत घरेलू सरजमीं पर 2016 टी-20 विश्व कप में बाहर हो गया था।
रॉबिन सिंह ने साधा रवि शास्त्री पर निशाना
एक कोच की भूमिका के बारे में बात करते हुए रॉबिन सिंह ने कहा, ‘आपको खुद को मानसिक रूप से खेल में लाने के लिए तैयार होना चाहिए, अपने आप को उन परिस्थितियों में डालना होता है जिनका टीम और खिलाड़ी सामना करते हैं। आपको उन योजनाओं का हिस्सा बनना होता है जो खिलाड़ियों के दिमाग में आती हैं। आप ऐसा केवल तभी कर सकते हैं जब आप तकनीकी रूप से खेल को समझते हैं।’ अपने खेल के दिनों में रॉबिन सिंह फिटनेस पर बहुत पर जोर देते थे और वह एक शानदार फील्डर भी थे। ऐसे में अगर रॉबिन को कोच की भूमिका दी जाती है तो वह बल्लेबाजी के साथ फील्डिंग कोच की भूमिका भी निभा सकते हैं। हालांकि, रिपोर्टों की मानें तो रवि शास्त्री का हेड कोच बने रहना लगभग तय है। वहीं गेंदबाजी कोच भरत अरुण भी अपना स्थान बचा सकते हैं। अगर किसी पर गाज गिर सकती है तो वह बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ हो सकते हैं।

