कोलकाता:पश्चिम बंगाल के मालदा में एक बड़ी रैली के बाद बीजेपी चीफ अमित शाह को एक बार फिर स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण दिल्ली लौटना पड़ा है। बीते दिनों स्वाइन फ्लू की शिकायत के बाद एम्स में भर्ती हुए शाह की तबीयत एक बार फिर बिगड़ी है, जिसके बाद वह मंगलवार शाम बंगाल से नई दिल्ली वापस लौट गए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शाह को बुखार के बाद चिकित्सकों ने आराम की सलाह दी है। ऐसे में शाह के अस्वस्थ होने की स्थिति में उनके बीजेपी की झारग्राम रैली (आज होनी है) में शामिल होने पर भी संशय नजर आ रहा है।
बता दें कि अमित शाह ने मंगलवार को मालदा में रैली के दौरान विपक्ष के महागठबंधन और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधा था। इस सभा के बाद मंगलवार शाम शाह की तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद वह दिल्ली लौट गए थे। शाह के स्वास्थ्य के बारे में बात करते हुए एक पार्टी नेता ने बताया कि अमित शाह मंगलवार शाम दिल्ली लौटे हैं, हालांकि झारग्राम की सभा में उनके कार्यक्रम में बदलाव को लेकर फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
तबीयत बिगड़ने के बाद पश्चिम बंगाल से वापस दिल्ली लौटे अमित शाह

