मुंबई:एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अब खबर आ रही है कि इनपर एक और फिल्म बनने की प्लानिंग चल रही है। पहले भी सुशांत के जीवन पर फिल्म बनाने की अनाउंसमेंट की गई थी। अब फिल्ममेकर सनोज मिश्रा ने सुशांत पर दूसरी फिल्म बनाने का ऐलान किया है। इसका नाम ‘सुशांत’ होगा। हालांकि, सनोज ने यह भी बताया है कि यह फिल्म एक बायोपिक नहीं होगी। इसमें उन लोगों की कहानी दिखाई जाएगी जो अपने सपने पूरे करने के लिए स्ट्रगल करते हैं। बॉलीवुड इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए उन्हें किस तरह स्ट्रगल करना पड़ता है, यह दिखाया जाएगा।
आपको बता दें कि सनोज इससे पहले गांधारी, राम बर्थप्लेस, लफंगे नवाब और श्रीनगर जैसी फिल्में बना चुके हैं। सनोज कहते हैं कि इस फिल्म में उन सभी लोगों की कहानी होगी जिन्हें बॉलीवुड इंडस्ट्री में कुछ कड़े कदम उठाने के लिए मजबूर किया जाता है, उनका हैरेसमेंट किया जाता है। इस फिल्म का प्रोडक्शन रोड प्रोडक्शन और सनोज मिश्रा फिल्म्स संभालेगा। इसे बिहार और मुंबई में शूट किया जाएगा। सनोज का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से कई लोग उत्तर प्रदेश और बिहार वापस लौटे हैं। इससे इन दोनों ही जगहों पर फिल्म शूट करना आसान रहेगा।
बताते चलें कि इससे पहले भी फिल्म निर्माता विजय शेखर गुप्ता ने सुशांत की जिंदगी पर आधारित एक फिल्म बनाने का फैसला लिया। इस फिल्म का नाम ‘सुसाइड’ या ‘मर्डर’ होगा। विजय ने फिल्म का पोस्टर जारी कर दिया है। विजय ने कहा, ‘मैं यह फिल्म इसलिए बना रहा हूं ताकि फिल्म इंडस्ट्री में जो बड़े स्टार्स और प्रोडक्शन हाउस की मोनॉपली होती है उसे खत्म कर दिया जाए’।

