मुंबई:एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री में नेपोटिज्म को लेकर तेज बहस छिड़ गई है। लोगों का कहना है कि टैलेंटेड एक्टर्स को मौका नहीं दिया जाता है। इसके साथ ही सुशांत के फैन्स सोशल मीडिया पर नेपोटिज्म को लेकर कुछ सेलेब्स पर जमकर निशाना साध रहे हैं। इस बीच बुधवार को हैशटैग अर्जुन कपूर और हैशटैग हाफ गर्लफ्रेंड ट्रेंड हो रहे हैं।
दरअसल, फेमस लेखक चेतन भगत का साल 2015 का एक ट्वीट वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने बताया था कि डायरेक्टर मोहित सूरी के निर्देशन में बन रही फिल्म हाफ गर्लफ्रेंड में सुशांत सिंह राजपूत लीड रोल में नजर आएंगे जो उनकी नॉवेल पर आधारित है। फिल्म की शूटिंग अगले साल की शुरुआत में होगी।
लेकिन बाद में इस फिल्म को अर्जुन कपूर को लेकर शुरू किया गया। अब इस ट्वीट को लेकर यूजर्स अर्जुन कपूर को जमकर खरी-खोटी सुना रहे हैं। ट्विटर पर अर्जुन को लेकर मीम्स शेयर किए जा रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि अर्जुन को फिल्म हाफ गर्लफ्रेंड नेपोटिज्म की वजह से मिली है।
हालांकि, एक इंटरव्यू के दौरान सुशांत सिंह राजपूत ने फिल्म हाफ गर्लफ्रेंड को न करने के पीछे का कारण स्पष्ट किया था। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था, मैंने दिनेश विजान की फिल्म के लिए बहुत पहले हामी भर दी थी, जो मुझे ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ से पहले ऑफर हुई थी। उस समय एक कंफ्यूजन हो गया था। हमें बताया गया कि हम दोनों फिल्मों की शूटिंग एक साथ कर सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं था क्योंकि दोनों निर्देशक इसके लिए समय चाहते थे। चूंकि मैंने पहले दिनेश के लिए हां कहा था, इसलिए मुझे मोहित की फिल्म से बाहर होना पड़ा।

