श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के त्राल में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बताया जा रहा है कि यहां एनकाउंटर में छह आतंकियों को ढेर कर दिया गया है। इलाके में अभी सर्च ऑपरेशन जारी है। अवंतीपोरा में आतंकियों के छिपे होने के इनपुट मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने पूरा इलाका खाली कराया और ऐक्शन शुरू किया। मारे गए आतंकियों का संबंध किस आतंकी संगठन से था इस बारे में अभी जानकारी नहीं मिल सकी है।
त्राल में आतंकियों की मौजूदगी के बारे में जानकारी मिलने के बाद सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से जॉइंट ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में छह आतंकी मार गिराए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एनकाउंटर में जाकिर मूसा के एक करीबी के मारे जाने की भी खबर मिल रही है। अंग्रेजी न्यूज़ चैनल टाइम्स नाउ के मुताबिक मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। इससे पहले पिछले हफ्ते भी पुलवामा जिले में एक मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया था। इस मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों में मोस्ट वॉन्टेड जहूर अहमद ठोकर भी था, जो पिछले वर्ष जुलाई में सेना के कैंप से फरार होकर आतंकी संगठन में शामिल हो गया था।
सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 6 आतंकी ढेर

