नई दिल्ली:रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने महाराष्ट्र जनसंवाद रैली के दौरान कोरोना महामारी के बहाने शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस गठबंधन सरकार पर जमकर बरसे। साथ ही उन्होंने गठबंधन तोड़ने को लेकर शिवसेना को खास तौर पर निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कोरोना से महाराष्ट्र के हालात देखें तो लगता है कि राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
राजनाथ सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र की सरकार तीन दलों की सरकार है। लगता है सरकार के नाम पर सर्कस हो रहा है। विकास का जिस प्रकार का विजन महाराष्ट्र सरकार के पास होना चाहिए वो नहीं है। आपको बता दें कि राजनाथ सिंह ने वीडियोकॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महाराष्ट्र के पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर जिस प्रकार के हालात महाराष्ट्र में पैदा हुए हैं, वो एक गंभीर चिंता का विषय है। महाराष्ट्र में पैदा हुई चुनौती से निपटने के लिए जितना सहयोग हो सकता है वो सहयोग मोदी सरकार कर रही है।
आगे वह कहते हैं, ‘मुंबई के अस्पतालों को हम टीवी पर देखते हैं, कुछ ऐसे अस्पताल देखने को मिले जहां शव पड़ा हुआ है और उसके पास कोरोना मरीज पड़ा हुआ है। क्या वहां सरकार नाम की चीज नहीं है? सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती है।’
गठबंधन तोड़ने को लेकर शिवसेना पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह नेक कहा, ‘जब चुनाव लड़ना हुआ तो भाजपा और शिवसेना का गठबंधन हुआ। लेकिन गठबंधन के बाद सत्ता की हवस में भाजपा को धोखा दिया गया। मैं भाजपा के चरित्र को स्पष्ट करना चाहता हूं कि हम धोखा खा सकते हैं, लेकिन धोखा कभी दे नहीं सकते हैं। यह भाजपा का चरित्र है।’

