स्पेन ने यूरोप के अधिकतर देशों के पर्यटकों के लिए अपनी सीमाओं को फिर से खोलते हुए ब्रिटिश पर्यटकों को बिना क्वारेंटाइन के घूमने की अनुमति दे दी है। स्पेन ने आपातकालीन स्थिति को हटा लिया है। तीन महीने तक स्पेन कोरोनोवायरस के प्रसार को रोकने के लिए यूरोप के सबसे कठिन लॉकडाउन में रहा ।
प्रधानमंत्री पेड्रो सेंचेज ने चेतावनी दी कि लॉकडाउन में ढील के बावजूद स्वच्छता और बाकी नियमों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। स्पेन की मृत्युदर यूरोपियन यूनियन में तीसरे स्थान पर है। 14 मार्च को स्पेन में आपातकाल लगाया गया था।
पर्यटन को खोलना जरूरी-
स्पेन आमतौर पर सालाना आठ करोड़ पर्यटकों को आकर्षित करता है। देश के सकल घरेलू उत्पाद का 12% से अधिक पर्यटन से आता है। गर्मी का मौसम खत्म होने से पहले फिर से छुट्टियों का बाजार खोलना स्पेन की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
आगमन के दौरान सभी यात्रियों की हवाई अड्डे पर थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। यहां अब ईयू के देश और शेंगेन जोन के देश के पर्यटक आ सकेंगे। सभी पर्यटकों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा और उन्हें सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करना पड़ेगा।
फ्रांस में स्कूल खुले-
फ्रांस में सोमवार से स्कूल खुल गए। तीन महीने के लॉकडाउन के बाद लाखों बच्चे स्कूल पहुंचे। प्राथमिक से लेकर माध्यमिक तक सभी कक्षाएं खोल दी गई हैं। हालांकि, कक्षाओं में बच्चों की उपस्थिति कम रही। इसके अलावा फ्रांस में सिनेमा और स्टेडियम भी सोमवार से खुल गए।

