नई दिल्ली:भारत की स्टार शटलर सायना नेहवाल बार्सिलोना स्पेन मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के बुसानन ओंगबामरंगफान से सीधे गेम में हार कर बाहर हो गईं। ओलंपिक पदक विजेता सायना ने महिला एकल का यह मैच 45 मिनट में 20-22, 19-21 से गंवाया। अजय जयराम हालांकि पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। उन्होंने फ्रांस के थामस रॉक्सेल को 21-14, 21-15 शिकस्त दी।
साइना नेहवाल अपने चौथे ओलंपिक में क्वालीफाई करने के लिए जद्दोजहद कर रही है। इस साल जापान की राजधानी टोक्यो में ओलंपिक खेल आयोजित किए जाएंगे। साइना ने लंदन ओलंपिक में भारत के लिए कांस्य पदक जीता था। हाल में ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली है, लेकिन वो अपना खेल जारी रखेंगी।
इस टूर्नामेंट में दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत का प्रदर्शन भी खराब रहा और उन्हें हमवतन भारतीय खिलाड़ी अजय जयराम के खिलाफ 6-21 17-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी जिससे उनकी ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदों को झटका लगा है।
मलेशिया, इंडोनेशिया और थाईलैंड के पहले दौर में हारने वाले श्रीकांत को ओलंपिक में क्वालीफाई करने के लिए टूर्नामेंट जीतना होगा या लगातार टूर्नामेंटों के क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में जगह बनानी होगी। एन सिक्की रेड्डी को भी मिश्रित युगल और महिला युगल दोनों वर्ग में हार झेलनी पड़ी।

