नई दिल्ली:गौरव सोलंकी (52 किग्रा) और मनीष कौशिक (60 किग्रा) ने पोलैंड के वॉरसॉ में हुए फेलिक्स स्टैम अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए दो और स्वर्ण पदक जीते, इसी के साथ भारत ने टूनार्मेंट की समाप्ति दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक के साथ की।
22 साल के सोलंकी ने राष्ट्रमंडल खेल और गत वर्ष कैमिस्ट्री कप में अपने स्वर्णिम प्रदर्शन की तरह पोलैंड में भी कमाल की लय दिखाई और फाइनल में इंग्लैंड के विलियम काउले को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
कौशिक ने भी जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए देश के लिए दिन का दूसरा स्वर्ण जीता। उन्होंने गत वर्ष इंडिया ओपन में स्वर्ण और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीता था। फाइनल में भारतीय मुक्केबाज़ ने मोरक्को के मोहम्मद हमाउट को 4-1 से हराया और स्वर्ण विजेता बने।
भारतीय मुक्केबाजों के लिए आखिरी दिन मोहम्मद हुसामुद्दीन के परिणाम से निराशा हाथ लगी। बैंटमवेट विशेषज्ञ मुक्केबाज़ ने अपने 56 किग्रा भार वर्ग में इस वर्ष अच्छी शुरुआत की थी और गी बी बॉक्सिंग टूनार्मेंट में रजत जीता था। हालांकि, उन्हें फाइनल में रूस के मुकहम्मद शेखोव से 1-4 से शिकस्त झेलकर रजत से संतोष करना पड़ा।
इसके अलावा तीन अन्य मुक्केबाज़ों ने चैंपियनशिप में देश के लिए कांस्य जीते। ये सभी अपने अपने सेमीफाइनल मुकाबलों में पराजित हो गए थे। 69 किग्रा वर्ग में अर्जुन अवॉर्डी मनदीप जांगड़ा को रूस के वादिम मुसाएव ने 0-5 से हराया। 91 किग्रा वर्ग में संजीत को न्यूजीलैंड के डेविड नाइका ने 0-5 से ही हराया। वहीं 64 किग्रा में अंकित खटाना को पोलैंड के डेमियन डुकार्ज़ ने 2-3 से पराजित किया।
छह दिनों तक चली चैंपियनशिप में दुनियाभर से आए मुक्केबाजों ने पुरुष वर्ग में 10 विभिन्न भार सालों में जबकि महिलाओं के पांच वजन वर्गों में पदक के लिए जोर आजमाया।
सोलंकी और कौशिक को पोलैंड में गोल्ड मेडल

