मुंबई: Lok Sabha Election 2019 का लगभग आधा सफ़र गुज़र चुका है और एक बार फिर सिनेमा का गहरा असर सियासत पर नज़र आया है। बॉलीवुड के एक्शन स्टार सनी देओल ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। 23 अप्रैल को सनी ने चुनावों के बीच में भाजपा ज्वाइन की और माना जा रहा है कि पंजाब की गुरदासपुर सीट से उन्हें चुनावी समर में उतारा जाएगा।
गुरदासपुर से स्वर्गीय विनोद खन्ना बीजेपी सांसद थे। ख़बर यह भी आयी थी कि पार्टी उनके बेटे अक्षय खन्ना को टिकट देने पर विचार कर रही थी, मगर अब सनी के नाम की चर्चा है। सनी के डैड धर्मेंद्र बीकानेर से भाजपा सांसद रह चुके हैं। वहीं उनकी स्टेप मॉम हेमा मालिनी कामयाब भाजपा नेता हैं और इस बार भी मथुरा से लोक सभा चुनाव लड़ा है। वैसे सनी के भाजपा में शामिल होने की अफ़वाहें मार्च में ही आने लगी थीं, मगर 22 अप्रैल को जब उन्होंने पुणे में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की तो अटकलें तेज़ हो गयी थीं।
सनी देओल का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक दिलचस्प कनेक्शन भी है। डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी निर्देशित फ़िल्म मोहल्ला अस्सी में सनी ने लीड रोल निभाया था, जो पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की पृष्ठभूमि पर ही बनी थी। इस फ़िल्म में नब्बे के दशक में अयोध्या के विवादित ढांचे को गिराने के लिए सनी के किरदार को कार सेवा के लिए जाते हुए दिखाया गया था। सनी ने भाजपा में अपने स्वागत पर सभी का आभार जताया है।
वैसे इस बार का चुनाव बॉलीवुड और राजनीति के अभूतपूर्व मेल के लिए जाना जाएगा। तमाम कलाकार चुनावी मैदान में अपनी ताल ठोक रहे हैं तो कई चुनावी रैलियों में अपनी अदाकारी का दम दिखा रहे हैं। जो इन दोनों जगह नहीं हैं, वो सोशल मीडिया के ज़रिए अपने पसंदीदा नेता और पार्टी के लिए गुत्थमगुत्था हुए पड़े हैं। चुनावी मानसून में अफ़वाहों की रिमझिम भी ख़ूब होती रही।
संजय दत्त को लेकर भी अफ़वाह उड़ चुकी है कि वो चुनाव लड़ने वाले हैं, जिस तो उन्होंने ट्विटर पर इसका खंडन किया था। सलमान ख़ान को लेकर भी अफ़वाह चुकी है कि वो चुनाव लड़ सकते हैं, जिसका उन्होंने ट्विटर के माध्यम से खंडन किया। सलमान ने ट्वीट किया था कि वो आने वाले समय में किसी राजनीतिक दल का प्रचार नहीं करेंगे। सलमान ने लिखा- अफ़वाहों के विरुद्ध, मैं चुनाव नहीं लड़ रहा हूं और ना ही किसी राजनीतिक दल के लिए प्रचार अभियान का हिस्सा बनूंगा।
सनी देओल भाजपा में हुए शामिल

