मुंबई: रणवीर सिंह की फ़िल्म ‘सिम्बा’ इस वक़्त बॉक्स ऑफ़िस पर छायी हुई है। पहले हफ़्ते में 150 करोड़ शानदार कलेक्शन करने के बाद सिम्बा अब 200 करोड़ क्लब की तरफ़ तेज़ी से बढ़ रही है। दूसरे वीकेंड में फ़िल्म ने शानदार कलेक्शन किया है और आज (7 जनवरी) फ़िल्म 200 करोड़ क्लब की सदस्य बन सकती है। इससे बेहतर 2019 की शुरुआत और क्या हो सकता है रणवीर के लिए। रणवीर ने 10 दिनों में अपनी ही फ़िल्म बाजीराव मस्तानी को शिकस्त दे दी है।
शाह रुख़ ख़ान की ‘ज़ीरो’ बॉक्स ऑफ़िस पर फ्लॉप होने से जो निराशा का माहौल बना था, ‘सिम्बा’ ने उसे दूर कर दिया है। फ़िल्म ने पहले दिन से ही रफ़्तार पकड़ ली और बता दिया कि सिम्बा लम्बी रेस की खिलाड़ी है। दूसरे वीकेंड में भी सिम्बा ने ख़ूब दम दिखाया। 4 जनवरी को फ़िल्म दूसरे हफ़्ते में प्रवेश कर गयी और दूसरे शुक्रवार को इसने 9.02 का कलेक्शन किया। शनिवार को 13.32 करोड़ बटोर लिये और रविवार को भी कलेक्शंस 15 करोड़ से अधिक रहने का अनुमान है। माना जा रहा है कि फ़िल्म का 10 दिनों का कलेकशन लगभग 190 करोड़ तक पहुंच चुका है।
इसके साथ ही सिम्बा रणवीर की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्म बन गयी है। सिम्बा ने बाजीराव मस्तानी के कलेक्शन को पीछे छोड़ा है, जो 2015 में आयी थी। फ़िल्म184 करोड़ बॉक्स ऑफ़िस पर बटोरे थे।2018 में रिलीज़ होने वाली फ़िल्मों में भी सिम्बा तीसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्म बन चुकी है।
- संजू- 341 करोड़
- पद्मावत- 300.26 करोड़
- सिम्बा- 190 करोड़ (लगभग)
- रेस 3- 169 करोड़
- बाग़ी2- 165 करोड़
बीते शुक्रवार कोई बड़ी फ़िल्म रिलीज़ नहीं हुई है। इसलिए सिम्बा को खुलकर खेलने के लिए पूरा हफ़्ता पड़ा है।
पहले हफ़्ते में 151 करोड़ की कमाई
28 दिसम्बर को रिलीज़ हुई ‘सिम्बा’ को लेकर इंडस्ट्री और दर्शकों के बीच काफ़ी हाइप थी, जिसके चलते जिसके चलते फ़िल्म ने ₹20.72 करोड़ की झन्नाटेदार ओपनिंग ली थी। शनिवार और रविवार को ₹23.33 करोड़ और ₹31 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। ओपनिंग वीकेंड में ही ‘सिम्बा’ का बॉक्स कलेक्शन ₹75 करोड़ हो चुका था। वर्किंग वीक शुरू होने के बाद फ़िल्मों के कलेक्शंस गिरते हैं, मगर सिम्बा ने पहले सोमवार (31 दिसम्बर) को ओपनिंग डे से भी अधिक ₹21.24 करोड़ का कारोबार किया था। ध्यान रहे कि साल का आख़िरी दिन होने की वजह से देशभर में लोग न्यू ईयर के जश्न में डूबे रहते हैं, मगर सिम्बा के कलेक्शंस बढ़े। वहीं मंगलवार (एक जनवरी) को रिकॉर्ड ₹28.19 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि बुधवार को फिल्म ने ₹14.49 करोड़ बटोरे थे।गुरुवार को फ़िल्म की कमाई ₹11.78 करोड़ रही थी, जिसे मिलाकर सिम्बा ने पहले हफ़्ते में ₹150.81 करोड़ का बिज़नेस कर लिया। रणवीर सिंह का यह पर्सनल बेस्ट रिकॉर्ड है। इससे पहले 2018 के जनवरी महीने में आयी ‘पद्मावत’ ने पहले हफ़्ते में 150 करोड़ जमा किये थे। हालांकि ‘पद्मावत’ को 8 दिनों का ओपनिंग वीक मिला था।
ओवरसीज़ में दमदार प्रदर्शन
ओवरसीज़ में भी सिम्बा बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। फ़िल्म ने पहले हफ़्ते में ₹58.62 करोड़ जमा कर लिये हैं। अगर ओवरसीज़ में दिनवार फ़िल्म के कलेक्शंस देखें तो इस प्रकार हैं-
- शुक्रवार- ₹12 करोड़,
- शनिवार- ₹11 करोड़
- रविवार- ₹10 करोड़
- सोमवार- 6 करोड़
- मंगलवार- ₹11 करोड़
- बुधवार- 5 करोड़
- गुरुवार- 4 करोड़
(करेंसी परिवर्तन की वजह से लगभग राशि दी गयी है)

