चंडीगढ़:आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के प्रमुख भगवंत मान ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू अगर आम आदमी पार्टी में शामिल होते हैं तो उनका स्वागत करने वाले वह पहले व्यक्ति होंगे।
पंजाब में 2022 में अगला विधानसभा चुनाव होना है और ऐसी अटकलें हैं कि ‘आप’ सिद्धू को पार्टी में शामिल कराना चाह रही है। इन अटकलबाजियों के बीच मान ने कहा कि वह क्रिकेटर से राजनेता बने सिद्धू को यह प्रस्ताव दे चुके हैं।
हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उन्होंने इस बारे में सिद्धू से कोई बातचीत नहीं की है। संगरूर से ‘आप’ सांसद मान ने कहा, मैं यह प्रस्ताव दे चुका हूं, लेकिन इस बारे में कोई बातचीत नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि नवजोत सिद्धू एक बेहद ईमानदार व्यक्ति हैं। मैं क्रिकेट के दिनों से ही उनका बड़ा प्रशंसक रहा हूं और जब वह आउट हो जाते थे तो मैं टीवी बंद कर देता था। मैं अब भी उनका प्रशंसक हूं और भविष्य में भी रहूंगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के कल्याण के लिए काम करने वाले सभी लोगों के लिए पार्टी के दरवाजे हमेशा खुले हैं।

