रांची:लोकतांत्रिक जनता दल के संरक्षक पूर्व केन्द्रीय मंत्री शरद यादव ने शनिवार को झारखंड के रिम्स अस्पताल में भर्ती आरजेडी नेता लालू प्रसाद से मुलाकात की। लालू से मिलने के बाद शरद यादव पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि बीजेपी के खिलाफ देशवासियों में गुस्सा है। देश के हित के लिए हम सारी पार्टी एक होकर 2019 लोकसभा चुनाव में बीजेपी का सफाया करे देंगे।
शरद यादव ने राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे को लेकर दिए अपने बयान (वसुंधरा राजे को आराम दो, थक गई हैं, बहुत मोटी हो गई हैं) पर कहा कि मैंने उनका बयान देखा। उनके साथ मेरे बहुत पुराने पारिवारिक रिश्ते हैं। अगर मेरे शब्दों से उन्हें दुख पहुंचा है तो मैं खेद जताता हूं। मैं उन्हें एक पत्र भी लिखूंगा।
वहीं लालू और शरद के मुलाकात के बाद कयासों के बाजार गर्म है। बिहार के राजनीतिक गलियारों में ये चर्चा जोरों से शुरू हो गई है कि सीटों के बंटवारे को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच बात हुई होगी।
बता दें कि 12 नवंबर को शरद यादव और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की मुलाकात हुई थी। दिल्ली में इस मुलाकात के बाद बिहार का सियासी पारा गर्म हो गया था। चारा घोटाला में सजायाफ्ता लालू यादव का इलाज रिम्स में चल रहा है। लालू से मिलने के लिए लगभग हर हफ्ते कोई न कोई बड़ा नेता उनसे मिलने पहुंचता है।
उधर, शरद यादव शुक्रवार को कहा था कि नीतीश कुमार ने सूबे के 11 करोड़ मतदाताओं की भावनाओं को कुचलकर बीजेपी के साथ अनैतिक सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं का खिलवाड़ करते हुए बीजेपी के नेता मंत्री बने घुमते फिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद से समझौते के लिए नीतीश कुमार 25 बार उनके पास गए थे। मेरे कहने से नीतीश को महागठबंधन में शामिल किया गया था। लेकिन, एक साल बाद ही वे अपने रंग में आने लगे।

