दिल्ली:उत्तर दिल्ली में एक 26 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी मां की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने उसे शराब के लिए पैसे नहीं दिए। पुलिस ने इस हत्यारे बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रविवार को कहा कि व्यक्ति ने उत्तर पश्चिम दिल्ली के विजय नगर इलाके में अपनी का गला रेत दिया और उसके बाद शनिवार रात उसने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम दीपक है। बताया गया कि मां से झगड़ा होने के बाद दीपक ने रसोई के चाकू से उसका गला रेत दिया। पुलिस उपायुक्त (उत्तर पश्चिम) विजयंत आर्य ने कहा, ‘आरोपी दीपक ने मॉडल टाउन पुलिस थाने में रात लगभग 1.25 बजे समर्पण कर दिया और कहा कि किसी झगड़े के कारण उसने अपनी मां आशा देवी का गला रेत दिया। एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और देवी के शव को बरामद किया। एक रक्तरंजित चाकू और खून लगी चादर, तकिया और दीपक का खून लगा जींस और टी-शर्ट घर से बरामद हुआ। शव के पोस्टमॉर्टम के लिए बीजेआरएम अस्पताल भेजा गया है।’
हत्या का एक मामला दर्ज कर लिया गया है और दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है। विजयंत आर्य ने कहा, ‘जांच के दौरान दीपक ने बताया कि उसने अपनी मां से शराब के लिए पैसे मांगे लेकिन उसने इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया और उसने कथित तौर पर रसोई के एक चाकू से उसका गला रेत दिया। उसने यह भी बताया कि उसे संदेह था कि उसकी मां का किसी से अवैध संबंध था।’ पुलिस ने कहा कि दीपक बेरोजगार है जबकि उसकी मां घरेलू नौकरानी का काम करती थी। दीपक अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहता था। उसका भाई घटना के समय पास में एक बाजार गया हुआ था।
शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो बेटे ने ले ली मां की जान

