नई दिल्ली:पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का मानना है कि किसी भी देश का क्रिकेट बोर्ड तभी तरक्की कर सकता है, अगर उसे सही लोग चला रहे हों। उन्होंने पाकिस्तान के एलीट लोगों की मानसिकता पर सवाल खड़ा किया और कहा कि वो हमेशा कमजोर लोगों को अपने अंडर चाहते हैं, जिससे वो अपनी मनमानी कर सकें। इस दौरान अख्तर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का भी उदाहरण दिया, जिसके अध्यक्ष पूर्व कप्तान सौरव गांगुली हैं।
एक चैट शो के दौरान शोएब अख्तर ने कहा, ‘एलीट क्लास के लोग अपने अंडर औसत दर्ज के लोग चाहते हैं, जिन पर वो अपना हक जता सकें।’ उन्होंने कहा कि दुनिया भर के क्रिकेट बोर्ड पूर्व क्रिकेटरों को अपने स्टाफ में शामिल कर रहे हैं, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ऐसा नहीं कर रहा है। यही वजह है कि पाकिस्तान में क्रिकेट को इतनी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अख्तर ने कहा, ‘सौरव गांगुली बीसीसीआई के अध्यक्ष हैं, राहुल द्रविड़ नेशनल क्रिकेट अकैडमी की अगुवाई कर रहे हैं। ग्रीम स्मिथ क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के हेड हैं। मार्क बाउचर दक्षिण अफ्रीका के हेड कोच हैं, लेकिन पाकिस्तान में इसका उल्टा हो रहा है। उन्होंने मेरा सही उपयोग नहीं किया, मेरा काम टीवी शो में बैठना नहीं था। उन्हें मुझे क्रिकेट चलाने का मौका देना चाहिए था।’
पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) को आज (17 मार्च) स्थगित कर दिया गया। पीएसएल के दोनों सेमीफाइनल मैच आज खेले जाने थे, जबकि फाइनल मैच 18 मार्च को खेला जाना था, लेकिन कोरोना वायरस संक्रमण के चलते पीएसएल को स्थगित कर दिया गया। पीएसएल स्थगित होने के बाद शोएब अख्तर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, ‘पीएसएल स्थगित होने से सब निराश हैं, लेकिन इस बार यह पाकिस्तान की जीत है कि कामयाबी से पाकिस्तान में पीएसएल खेला गया। आप सभी अपना दिल छोटा ना करें अगले साल इससे भी शानदार तरीके से पाकिस्तान में पीएसएल का आयोजन होगा।’

