ब्रिस्बेन:ऑस्ट्रेलिया के पूर्व लेग स्पिनर शेन वॉर्न का मानना है कि वनडे क्रिकेट भी अपनी लोकप्रियता खोती जा रही है और इसे पुर्नजीवित करने के लिए 50 ओवरों के प्रारूप में भी चैंपियनशिप शुरू होनी चाहिए। वॉर्न ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान कहा, “मैं चाहता हूं कि टेस्ट चैंपियनशिप की तरह ही वनडे में भी यह शुरू हो। ” कोरोना वायरस की वजह से क्रिकेट से जुड़ी सभी गतिविधियों पर विराम लगा हुआ है। ऐसे में क्रिकेटर, कमेंटेटर और कोच सोशल मीडिया के जरिये फैन्स और साथी खिलाड़ियों के साथ जुड़े हुए हैं। लॉकडाउन में घर में समय बिता रहे शेन वॉर्न भी इन दिनों सोशल मीडिया पर खासे एक्टिव हैं।
शेन वॉर्न ने हाल ही में कई कइ देशों की ऑलटाइम इलेवन टीमों का ऐलान किया। इसके साथ ही वह क्रिकेट से जुड़े कई सवालों के जवाब फैन्स को दे रहे हैं। हाल ही में इंस्टाग्राम लाइव के दौरान उन्होंने कहा, “तब वनडे का संदर्भ विश्व कप तक होता है और हो सकता है कि अंक या कुछ और जोकि मुझे नहीं पता। लेकिन बहुत सारे अर्थहीन वनडे है।”
उन्होंने वनडे में पांच मैचों की जगह तीन मैचों की सीरीज का समर्थन करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि 50 ओवरों के मुकाबले में तीन मैच सही है। पांच मैच बहुत ज्यादा है।” टेस्ट क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए कुछ वक्त पहले ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत की गई है। इस टेस्ट सीरीज का फाइनल लॉर्ड्स में 2021 में खेला जाना है, लेकिन कोरोना वायरस की वजह से क्रिकेट का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया है।
आईपीएल 2020, आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2020 और आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियशिप कुछ ऐसे बड़े मुकाबले हैं, जिन पर इस वैश्विक महामारी का असर पड़ सकता है। पूर्व लेग स्पिनर ने मार्क वॉ और जोंटी रोडस को इस खेल का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना।
इसके साथ ही शेन वॉर्न ने ग्रेटेस्ट वनडे इंटरनेशनल XI टीम चुनी। इस टीम में महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली को शामिल नहीं किया। वॉर्नर की ग्रेटेस्ट वनडे इंटरनेशनल इलेवन में शामिल होने वाले खिलाड़ी हैं- वीरेंद्र सहवाग, सनथ जयसूर्या, सचिन तेंदुलकर, ब्रायन लारा, केविन पीटरसन, कुमार संगकारा (विकेटकीपर), एंड्रयू फ्लिंटॉफ, वसीम अकरम, डेनियल विटोरी, शोएब अख्तर, कर्टली एंब्रोस।

