मुंबई:डीडीएलजे में शाहरुख के ‘कूल’ पिता का किरदार निभाने वाले अनुपम असल जिंदगी में उनसे सोशल मीडिया पर ही बात करते हैं। एक मुलाकात में उन्होंने यह खुलासा किया।
साल 1995 में रिलीज फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ में कॉलेज में फेल हो जाने वाले शाहरुख खान के सामने ‘ओ पोची, ओ कोका, ओ बोबी, ओ लोला’ गाकर उनका उत्साह बढ़ाते अनुपम खेर तो आपको याद ही होंगे! यह दृश्य बॉलीवुड फिल्मों में दिखाए गए बाप-बेटे के रिश्ते पर आधारित कुछ सबसे यादगार दृश्यों में से एक था।
अब आते हैं साल 2019 में। हाल ही में शाहरुख खान ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए काम से कुछ समय का अवकाश ले रहे हैं। इससे पहले वह आनंद एल राय की फिल्म ‘जीरो’ में नजर आए थे। और अब, शाहरुख के ऑनस्क्रीन पिता का किरदार निभा चुके अनुपम खेर ने हाल ही में खुलासा किया है कि शाहरुख खान के साथ उनकी ज्यादातर बातचीत सोशल मीडिया के जरिये ही होती है। वह कहते हैं, ‘व्यक्तिगत जिंदगी में एक दूसरे से सीधे बात करने की जगह मैं और शाहरुख सोशल मीडिया के जरिये बात करना ज्यादा पसंद करते हैं।’
इन दिनों अपनी आत्मकथा को लेकर चर्चा बटोर रहे अनुपम खेर शाहरुख खान के काम से अवकाश लेने के फैसले की तारीफ करते हैं। बकौल अनुपम, ‘यह एक अच्छा फैसला है। कभी-कभी ऐसा करने से आप खुद को बेहतर तरीके से जान पाते हैं।’
हालांकि वह अपने बहुत सारे सह-कलाकारों के साथ संपर्क कायम नहीं रख पाते हैं, पर वह ऐसा करना जरूर चाहते हैं। वह कहते हैं, ‘कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिनसे हमारी मुलाकात नहीं होती, पर फिर भी वे हमारे दिल के बहुत करीब होते हैं। यह टेपरिकॉर्डर का ‘पॉज’ बटन दबाने जैसा होता है। शाहरुख खान भी एक ऐसे ही शख्स हैं। मुझे पूरा यकीन है कि जब भी हम मिलेंगे, हमें शुरू से शुरू नहीं करना पड़ेगा।’

