सिमरन तोलानी अच्छी खासी बिजनेस मैन फैमिली से सम्बन्धित हैं। 2 बच्चों की मां और एक सफल पत्नी हैं। खूबसूरत और मेहनती तो गजब की हैं। पहले पढ़ाई, फिर शादी, 2 बच्चे होने के बावजूद भी उन्होंने अपने उस सपने को ज़िंदा रखा जो बचपन में देखा था। उनके सपने के बारे में बता दूं कि उन्होंने मॉडलिंग और ब्यूटी कंटेस्ट जीतने का सपना देखा था। सिमरन ने तमाम जिम्मेदारियां संभालते हुए आज एक मुकाम हासिल कर लिया है और हाल ही में उन्होंने ‘मिसेज वर्ल्ड डाइवर्सिटी 2019’ का खिताब अपने नाम करके यह साबित कर दिया है कि शादी कर लेने से, बच्चे पैदा कर लेने से ना तो सपने मरते हैं और न ही ग्लैमर। अगर आपमें जज्बा है तो इन सबके बावजूद भी जो चाहा हो उसे हासिल किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि मोरिशस में 3 अगस्त को एक भव्य समारोह में सिमरन तोलानी को ‘मिसेज वर्ल्ड डाइवर्सिटी 2019’ का खिताब प्रदान किया गया। जिसमें उन्होंने 14 देशों से भाग ले रही प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए इस खिताब को अपने नाम कर लिया।
इससे पहले सिमरन एमआइएचएम क्वीन यूनिवर्स नामक ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीत चुकी हैं। जिसका आयोजन दिल्ली में हुआ था। और उन्हें इसमें सेलेक्ट करने वाली आज़िया नाज़ थीं। इसमें भी इन्होंने अपनी मेहनत और लगन की बदौलत खुद को साबित किया और पहला स्थान हासिल करने में कामयाब रहीं।
बातचीत में सिमरन कहती हैं कि मैं सबसे पहले गृहणी हूँ उसके बाद एक मां। मेरे लिए यह दौर काफी मुश्किलों वाला रहा लेकिन पति और बच्चों के सहयोग ने सब आसान कर दिया। वे बताती हैं कि मैने यह सपना बचपन में ही देखा था, पढ़ाई के दौरान छोटे-छोटे आयोजनों में भाग लेती रही लेकिन शादी के बाद इस पर थोड़ा ब्रेक लग गया। 2 बच्चे हुए, बेटा इस समय 14 साल का है और बेटी 6 साल की। पति बिजनेसमैन हैं। पारिवारिक जिम्मेदारियों से थोड़ी फुरसत मिली तो निकल पड़ी अपने सपने को साकार करने, जिसके लिए खूब मेहनत की, वर्कआउट किया और आज रिजल्ट आपके सामने है।
सिमरन को इसमें पति धीरज तोलानी का खूब सहयोग रहा जो अपना बिजनेस संभालने के साथ ही इस दौरान परिवार और बच्चों का भी भरपूर ख्याल रख रहे थे। यह पूछे जाने पर कि आप किससे इंस्पायर है तो सिमरन करीना कपूर को अपना इंस्पेरेशन बताते हुए कहती हैं कि वह शुरू से ही करीना को फॉलो करती रही हैं। फिलहाल सिमरन फ़ोटो शूट, प्रिंट शूट, फैशन शो, आदि पर ध्यान दे रही हैं। यदि टीवी या फिल्मों के कोई अच्छे ऑफर मिलेंगे तो उस पर जरूर विचार करूंगी। फिलहाल फैशन शो, रैम्प वॉक जैसे आयोजनों का हिस्सा बन रही हैं आगे चलकर सामाजिक कार्यों का भी रुख करेंगी।
शादी कर लेने से, बच्चे पैदा कर लेने से ना तो सपने मरते हैं और न ही ग्लैमर: सिमरन तोलानी

