रूडकी:आईआईटी कर्मचारी की बेटी को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी के परिवार ने रिश्ता तय किया और दो लाख रुपये लेकर पूरा परिवार फरार हो गया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि सितंबर 2018 में यूपी के मैनपुरी निवासी युवक से उसकी फेसबुक पर जान-पहचान हुई थी। सितंबर में आरोपी घर आया और परिवार के सामने शादी करने की बात कही। पीड़िता ने बताया कि नवंबर में आरोपी नोएडा आया था और धोखे से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बीते मार्च महीने में आरोपी की मां ने फोन कर बताया कि उनका परिवार रिश्ता तय करने के लिए रुड़की आ रहे हैं।
दोनों परिवारों की रजामंदी पर मई में शादी की तारीख पक्की की गई। आरोप है कि इस दौरान दो लाख रुपये युवक पक्ष को दिए गए। शादी की तारीख तय होने पर परिजनों ने शादी की तैयारियां शुरू कर दी। बताया कि अप्रैल में आरोपी की मां ने फोन कर बताया कि उन्हें इस शादी से कोई लेना-देना नहीं है। उसके बाद आरोपी का फोन बंद है। वे आरोपी के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला।
पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक पर दुष्कर्म करने और युवक की मां समेत दो रिश्तेदार निवासीगण राजपुर रोड देहरादून के खिलाफ दहेज मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

