मुंबई:सप्ताह में कारोबार के आखिरी दिन बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। आज सेंसेक्स 677.23 अंक ऊपर और निफ्टी 224.30 पॉइंट ऊपर खुले। ट्रेडिंग के दौरान बाजार 1300 अंकों से ज्यादा ऊपर चढ़ गया। बाजार बंद होने पर सेंसेक्स ने 1265.66 अंक या 4.23% ऊपर 31,159.62 पर और निफ्टी 363.15 पॉइंट या 4.15% ऊपर 9,111.90 का करोबार किया। इससे पहले बुधवार को बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 173.25 अंक नीचे 29,893.96 पर और निफ्टी 43.45 पॉइंट नीचे 8,748.75 पर बंद हुए थे। बता दें कि इस सप्ताह ट्रेडिंग का आज आखिरी दिन था। शुक्रवार, 10 अप्रैल को गुड फ्राइडे की छुट्टी रहेगी। वहीं, शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहता है।
बाजार में बढ़त के मुख्य कारण
- रूस द्वारा तेल उत्पादन में कटौती के संकेत देने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में गुरुवार को तेजी देखने को मिली। रूस ने कहा है कि वह ऊर्जा बाजार में तेजी लाने के लिए प्रमुख उत्पादक देशों की बैठक से पहले उत्पादन में कटौती के लिए तैयार है। इस दौरान अमेरिकी मानक वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 4.6 फीसदी बढ़कर 26.26 डॉलर प्रति बैरल हो गया। जबकि अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 2.7 फीसदी चढ़कर 33.73 डॉलर पर पहुंच गया।
- अमेरिकी शेयर बाजारों में तेजी के चलते एशियाई शेयर बाजारों में गुरुवार को सकारात्मक रुख देखने को मिला। कारोबारियों ने उम्मीद जताई कि कोरोना वायरस संकट अपने चरम पर है और आगे स्थितियों में सुधार होगा। हांगकांग, सियोल और सिंगापुर में एक प्रतिशत से अधिक और सिडनी में लगभग दो प्रतिशत की तेजी देखने को मिली।
बीएसई ऑटो सेक्टर के शेयरों में 17% तक की बढ़त
| कंपनी | बढ़त (%) |
| टाटा मोटर्स | 10.36% |
| मारुति | 13.16% |
| हीरो मोटोकॉर्प | 9.65% |
| मदरसन सुमी सिस्टम | 17.54% |
| अपोलो टायर्स | 7.61% |
| बजाज ऑटो | 8.86% |
| महिंद्रा एंड महिंद्रा | 16.74% |
| कमिंस इंडिया | 7.17% |
| बालकृष्ण इंडस्ट्रीज | 6.18% |
बीएसई पर करीब 21 फीसदी कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही
- बीएसई का मार्केट कैप 120 लाख करोड़ रुपए रहा
- 2,576 कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इसमें 1,854 कंपनियों के शेयर बढ़त में और 545 कंपनियों के शेयर में गिरावट रही
- 37 कंपनियों के शेयर 1 साल के उच्च स्तर और 154 कंपनियों के शेयर एक साल के निम्न स्तर पर रहे
- 521 कंपनियों के शेयर में अपर सर्किट और 189 कंपनियों के शेयर में लोअर सर्किट लगा
डॉलर के मुकाबले रुपया 23 पैसे मजबूत
भारतीय रुपया गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 23 पैसे की बढ़त के साथ 76.11 के स्तर पर जा पहुंचा। मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में तेजी से स्थानीय मु्द्रा को मजबूती मिली, जबकि कोरोना वायरस महामारी को लेकर आशंकाएं अभी भी बनी हुई हैं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 76.11 पर खुला, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 23 पैसे की मजबूती दर्शाता है।
अमेरिका और चीन के बाजार बढ़त के साथ बंद
अमेरिकी बाजार के साथ दुनिया के कई बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए। डाउ जोंस 3.44 फीसदी की बढ़त के साथ 779.71 अंक ऊपर 23,433.60 पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिका के दूसरे बाजार नैस्डैक 2.58 फीसदी बढ़त के साथ 203.64 अंक ऊपर 8,090.90 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ, एसएंडपी 3.41 फीसदी बढ़त के साथ 90.57 पॉइंट ऊपर 2,749.98 पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कम्पोजिट भी 0.24 फीसदी बढ़त के साथ 6.63 पॉइंट चढ़कर 2,822.00 पर बंद हुआ। जापान, इटली, जर्मनी के बाजार गिरावट के साथ बंद हुए।
कोरोना से देश में अब तक 200 मौतें
कोरोना संकमण से देश में मौतों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को दो लोगों की मौत हुई। जम्मू में 69 साल महिला की जान चली गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, वह उधमपुर जिले की रहने वाली थी। उसे सीने में दर्द और सांस लेने की शिकायत थी। वहीं, पंजाब में 55 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। इस मरीज को डायबिटीज और हाइपरटेंशन की भी शिकायत थी। इससे पहले, बुधवार को देश में 27 संक्रमितों की मौत हुई थी। अलग-अलग राज्य सरकारों की ओर से जारी इन आंकड़ों के साथ देश में मरने वालों की संख्या 200 हो गई है। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 149 मौतों की पुष्टि की है।

