नई दिल्ली: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए सेना एलओसी पर ‘स्पाइक’ एंटी टैंक मिसाइल तैनात करेगी। यह बात सोमवार को रक्षा विभाग के सूत्रों के हवाले से न्यूज एजेंसी ने बताई। ‘स्पाइक’ एक गाइडेड मिसाइल है, जिसका इस्तेमाल बंकरों में छिपे आतंकियों को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता है।
बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद सेना ने स्पाइक मिसाइल की तैनाती को लेकर योजना बनाई थी। इन मिसाइलों से एलओसी के पार स्थित आतंकियों के बंकरों को निशाना बनाया जा सकेगा।
मूल रूप से टैंक विध्वंसक, लेकिन बंकर नष्ट करने में भी सक्षम
सेना ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए इजराइल से 240 स्पाइक मिसाइलें खरीदी हैं। इन मिसाइलों का इस्तेमाल मूल रूप से टैंक विध्वंसक के तौर पर किया जाना था, लेकिन इसे बंकरों को नष्ट करने के लिए भी प्रयोग किया जा सकेगा। दरअसल, सीमा पार आतंकी छिपने के लिए बंकरों का इस्तेमाल करते हैं।
एक महीने पहले सेना ने कई पाकिस्तानी आतंकियों को निशाना बनाया
एक महीने पहले सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकियों के कई लॉन्च पैड और ट्रेनिंग कैंप नष्ट किए थे। इस ऑपरेशन में 4-6 आतंकी मारे गए थे। अब स्पाइक मिसाइल की तैनाती के बाद, इस तरह के ऑपरेशन को अंजाम देना आसान होगा।
सेना ने इजराइल से 240 स्पाइक मिसाइलें खरीदीं, बंकरों का सफाया करने में सक्षम

