नई दिल्ली:केंद्र सरकार ने मंगलवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर में 2014 से 838 आतंकवादी ढेर कर दिए गए और इस दौरान 183 आम लोग भी मारे गए। लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 2014 से 31 दिसंबर, 2018 के बीच जम्मू-कश्मीर में 1,213 आतंकी घटनाएं हुईं। अहीर ने कहा, ”इन घटनाओं में 183 आम लोगों की जान गई और 838 आतंकवादियों को ढेर किया गया।
पुलवामा में एक आतंकवादी मारा गया
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलवामा के जाहिदपोरा इलाके में आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाईं जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि गोलीबारी में एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया और घटनास्थल से कुछ हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए।
पाकिस्तानी सेना ने सीमा चौकियों पर की गोलीबारी
पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार को नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की। एक सप्ताह में यह पांचवां संघर्ष विराम उल्लंघन है। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ सेक्टर के गुलपुर और खारी करमारा इलाकों में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की।
सेना को बड़ी सफलता, चार वर्षों में 838 आतंकी ढेर

