मुंबई:महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की कुर्सी पर मंडरा रहे खतरे के बीच शुक्रवार सुबह उन्होंने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। हालांकि, इस मुलाकात को महज एक शिष्टाचार भेंट बताया गया। महाराष्ट्र दिवस के मौके पर दोनों के बीच में यह मुलाकात 20 मिनट तक चली।
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को विधान परिषद में मनोनीत करने के लिए राज्य मंत्रिमंडल के सिफारिश करने के कुछ दिन बाद राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने चुनाव आयोग से परिषद की नौ रिक्त सीटों के लिए चुनाव कराने का अनुरोध किया था।
राजभवन से गुरुवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि कोश्यारी ने चुनाव आयोग से महाराष्ट्र विधान परिषद की नौ रिक्त सीटों पर यथाशीघ्र चुनाव की घोषणा करने का अनुरोध किया है। राज्यपाल ने राज्य में मौजूद अनिश्चितता की स्थिति को खत्म करने के लिए नौ सीटों पर चुनाव कराने का चुनाव आयोग से अनुरोध किया है, जो 24 अप्रैल से रिक्त हैं। उन्होंने पत्र में कहा,उसके अनुसार, विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव खास दिशानिर्देशों के साथ हो सकते हैं।

