नई दिल्ली:भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के शानदार करियर में उस समय एक कामयाबी जुड़ गई, जब उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच) में 100 बार पचास से अधिक स्कोर बनाया। विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बे ओवल में खेले जा रहे तीसरे वनडे में सोमवार (28 जनवरी) को 74 गेंदों पर 60 रन की पारी के साथ यह उपलब्धि हासिल की।
इसके साथ ही भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ऐतिहासिक वनडे सीरीज जीती। कोहली क्रिकेटर्स की इस इलीट सूची में शामिल हो गए। इस सूची में सचिन तेंदुलकर (174) टॉप पर हैं, उसके बाद राहुल द्रविड़ (133), सौरव गांगुली (128) और महेंद्र सिंह धौनी (101) का नाम है।
माउंट माउंगानुई में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा कर टीम इंडिया सीरीज जीत गई है और अभी सीरीज के दो मैच खेले जाने शेष हैं। इस जीत के साथ ‘वर्ल्ड प्लेयर ऑफ द ईयर’ विराट कोहली के लिए अब रेस्ट का समय है। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के शेष बचे दो मैच और टी-20 सीरीज से आराम दिया गया है।
कप्तान विराट कोहली ने कहा, मैं पहले दो मैच जीत कर आश्वस्त था और हम इससे बेहतर परफॉर्मेंस की उम्मीद नहीं कर सकते। कोहली ने कहा, मैंने काफी दिनों से क्रिकेट से ब्रेक नहीं लिया है। ऑस्ट्रेलिया के थकान भरे शेड्यूल के बाद अब ब्रेक से मैं खुश हूं। मैं रिलेक्स कर सकता हूं और छुट्टियों का आनंद उठा सकता हूं।

