संयुक्त राष्ट्र:भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में जम्मू-कश्मीर के मुद्दे उठाने के पाकिस्तान के कदम को पुरजोर तरीके से खारिज करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर देश का अभिन्न अंग है। उस पर पाकिस्तान या किसी अन्य देश की बात नहीं सुनी जा सकती।
संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के नवनियुक्त दूत मुनीर अकरम ने सुरक्षा परिषद में अपने पहले संबोधन में कश्मीर का मुद्दा उठाया। अकरम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को खतरा पैदा करने वाले मुद्दों पर ध्यान देने और उनका निदान करने की सुरक्षा परिषद की जिम्मेदारी है। लेकिन जम्मू-कश्मीर पर लंबे समय से बरती जा रही निष्क्रियता से पाकिस्तान की चिंता बढ़ी है।
भारत ने खारिज किया : संयुक्त राष्ट्र में भारत के उप स्थायी प्रतिनिधि के नागराज नायडू ने अकरम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम भारत के अभिन्न अंग की स्थिति को लेकर पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल द्वारा गैर जरूरी उल्लेख को खारिज करते हैं। मैं यह याद दिलाना चाहता हूं कि इस मसले पर दोनों देश बातचीत करने का समझौता पूर्व में कर चुके हैं। ऐसे में इसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाने की कोई तुक नहीं है।
भारत ने गत पांच अगस्त को जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करके उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांट दिया था। भारत का हमेशा से यह कहना रहा है कि जम्मू-कश्मीर उसका अभिन्न अंग है। वहीं पाकिस्तान बार-बार इसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाने का प्रयास करता रहा है।

