मुंबई:पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में सोमवार रात भारत-चीन के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प को लेकर शिवसेना सांसद संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछे हैं।
संजय राउत ने ट्वीट करके पूछा कि चीन की मुंहजोरी को करारा जवाब कब मिलेगा? बिना गोली चले हमारे 20 जवान शहीद हो गए हैं। उन्होंने आगे लिखा, ‘हमने क्या किया? चीन के कितने जवान मारे गए? चीन हमारे जमीन पर घुस गया है क्या? प्रधान मंत्रीजी इस संघर्ष के घड़ी मे देश आपके साथ हैं लेकिन सच क्या है?’ संजय राउत ने आगे लिखा कि देश सच जानना चाहता है।
लद्दाख में सोमवार रात को चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) और भारतीय सेना के बीच हिंसक झड़प में 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। भारतीय सेना ने मंगलवार रात को जारी बयान में कहा, ‘संघर्ष वाली जगह पर बुरी तरह घायल होने और शून्य से नीचे के तापमान की वजह से 17 घायल जवान शहीद हो गए, जिससे अब तक संघर्ष में शहीद होने वाले कुल जवानों की संख्या 20 हो गई।’
झड़प की जगह पर चीनी सेना ने भारतीय सेना की छोटी टुकड़ी पर हमला किया जो कि उस समय गश्त पर थे। इसमें कमांडिंग आफिसर के साथ ही कई जवान शहीद हो गए और कई गंभीर रूप से घायल हो गए।

