मुंबई:महाराष्ट्र में रातोंरात बड़ा सियासी उलटफेर हो गया। राज्य में बीजेपी और एनसीपी ने हाथ मिलाकर अपनी सरकार बना ली। सुबह करीब 8 बजे बीजेपी के देवेंद्र फडणवीस ने एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं एनसीपी प्रमुख शरद पवार के भतीजे अजीत पवार ने राज्य के उप मुख्यमंत्री पद के रूप में शपथ ली है। महाराष्ट्र की राजनीति में रातोरात हुए इस उलटफेर से सियासी भूचाल आ गया है। बयानों का दौर शुरू हो गया है।
– शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा- राजभवन की शक्तियों का दुरुपयोग हुआ है। अजीत पवार के इस फैसले के बारे में शरद पवार को कोई जानकारी नहीं थी। अजीत पवार ने शरद पवार को धोखा दिया है। रात के अंधेरे में ये पापा किया है। अजीत पवार ने चोरी की है। कल 9 बजे तक ये महाशय (अजित पवार) हमारे साथ बैठे थे, अचानक से गायब हो गए बाद में। वो नजर से नजर नहीं मिलाकर बोल रहे थे। जो व्यक्ति पाप करने जाता है उसकी नजर जैसे झुकती है, वैसे झुकी नजरों से बात कर रहे थे। उद्धव ठाकरे जी और शरद पवार जी संपर्क में हैं और आज भी मिलेंगे। वह संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित कर सकते हैं। पर सच तो यह है कि अजीत पवार और उनके साथ गए विधायकों ने छत्रपति शिवाजी महाराज और महाराष्ट्र का अपमान किया है। अजित पवार ने महाराष्ट्र के लोगों के पीठ में छुरा घोंपा है।

