नई दिल्ली:सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रावधान वाले ऐतिहासिक संविधान संशोधन विधेयक को मंगलवार को 3 के मुकाबले 323 मतों से लोकसभा की मंजूरी मिल गयी। अब इसके आज राज्यसभा में जाने की संभावना है जहां उच्च सदन की बैठक एक दिन और बढ़ा दी गयी है।
पूरा विश्वास, राज्यसभा से पास होगा बिल- राजनाथ
उधर, लोकसभा में पिछड़े सामान्य वर्ग के बिल पास होने पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि अब तक जिन लोगों को आरक्षण का लाभ नहीं मिला है अब उन्हें इसका फायदा मिलेगा। यह लंबे समय से मांग रही है। यह देश हित में लाया गया है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह राज्यसभा में भी पास हो जाएगा।
बाबा साहेब का अपमान : ओवैसी
उधर, लोकसभा में एआईएमआईएम के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि दस फीसदी आरक्षण का ये बिल संविधान के साथ धोखा है। सवर्ण आरक्षण बिल बाबा साहब आंबेडकर का अपमान है। ओवैसी ने सवाल किया कि क्या सवर्ण और जागीरदारों ने छुआछूत जैसी सामाजिक असमानता को झेला है। ओवैसी ने कहा कि सरकार आज जितना भी चाहे जश्न मना ले लेकिन कोर्ट में इसे खारिज कर दिया जाएगा।
आईएनएलडी के दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आप आरक्षण का लॉलीपॉप देते रहो पर देश के युवा रोजगार को तरस रहे हैं। चौटाला ने कहा कि सरकार पहले यह बिल क्यों नहीं लेकर आई?
ये भी पढ़ें: सवर्ण आरक्षण पर बोली बीजेपी-इस बार प्रयास विफल नहीं होगा
लोकसभा (Lok Sabha) में विपक्ष सहित लगभग सभी दलों ने ”संविधान (124 वां संशोधन) , 2019 विधेयक का समर्थन किया। साथ ही सरकार ने दावा किया कि कानून बनने के बाद यह न्यायिक समीक्षा की अग्निपरीक्षा में भी खरा उतरेगा क्योंकि इसे संविधान संशोधन के जरिये लाया गया है।
लोकसभा में केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत ने विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी सरकार बनने के बाद ही गरीबों की सरकार होने की बात कही थी और इसे अपने हर कदम से उन्होंने साबित भी किया।
उनके जवाब के बाद सदन ने 3 के मुकाबले 323 मतों से विधेयक को पारित कर दिया।
संसद : विधेयक :: कब क्या हुआ
05:10 बजे : लोकसभा में सामान्य वर्ग आरक्षण बिल पर पर चर्चा शुरू हुई
05:11 बजे : मंत्री थावरचंद गहलोत ने बिल पेश किया
04 घंटे से ज्यादा बिल पर चर्चा हुई।
30 सांसदों ने चर्चा के दौरान अपने विचार रखे
09:50 बजे बिल पर वोटिंग हुई।
10:00 बजे रात को बिल पास हुआ।

