हैमिल्टन:रोहित शर्मा पिछले कुछ वर्षों में भारत की लिमिटेड ओवर्स टीम के महत्वपूर्ण अंग रहे हैं। वह 31 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में अपना 200वां वनडे मैच खेलने उतरेंगे। इसके साथ ही वह 200 या इससे ज्यादा वनडे मैच खेलने वाले भारत के 14वें क्रिकेटर बन जाएंगे। वर्तमान भारतीय टीम में रोहित के अलावा सिर्फ विराट कोहली ने ही 222 वनडे मैच खेले हैं। यह मुकाबला रोहित शर्मा के लिए और खास हो जाएगा क्योंकि वह कप्तान के तौर पर मैदान में उतरेंगे। विराट कोहली न्यूजीलैंड के दौरे के बाकी बचे मैचों से हट गए हैं और अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ छुट्टियां मना रहे हैं।
रोहित तोड़ सकते हैं धौनी के सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा के कप्तान के तौर पर अभी तक का रिकॉर्ड शानदार रहा है। जिन आठ मैचों में उन्होंने टीम इंडिया की कप्तानी की है, उनमें से 7 मुकाबलों में भारत जीता है। इसके साथ ही वह भारत की तरफ से वनडे में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम करने उतरेंगे। वह फिलहाल इस मामले में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के साथ दूसरे स्थान पर हैं। दोनों ने अब तक 215-215 छक्के लगाए हैं। गौरतलब है कि भारत पांच मैचों की यह वनडे सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुका है। उसने सीरीज के पहले तीन मैचों में न्यूजीलैंड को क्रमश: 8 विकेट, 90 रन और 7 विकेट से हराया है।

