हर किसी को कॅरियर में आगे बढ़ने की तमन्ना रहती है। ऐसे में कई बार हमें सैलेरी, प्रोफाइल को बढ़ाने के लिए जॉब बदलनी पड़ती है लेकिन नए ऑफिस को ज्वाइन करने से पहले पुराने ऑफिस में रिजाइन करना किसी चुनौती से कम नहीं होता। ऐसे में कभी-कभी ऐसा होता है कि नौकरी छोड़ने की वजह से कई कर्मचारियों को मैनेजमेंट या बॉस की नाराजगी झेलनी पड़ती है। ऐसे में आप नई नौकरी के साथ बॉस की नाराजगी नहीं लेना चाहते, तो आपको रिजाइन करते वक्त
कुछ बातों पर ध्यान रखना चाहिए-
अपने रिपोर्टिंग मैनेजर, सुपरवाइजर को सबसे पहले बताएं
ऑफिस में कोई आपका कितना भी खास क्यों न हो लेकिन आपको सबसे पहले रिजाइन वाली बात अपने रिपोर्टिंग मैनेजर को बतानी चाहिए। ऑफिस में किसी के जॉब छोड़ने या इस्तीफे की बात जंगल की आग की तरह फैलती है, ऐसे में यह बात आपके बॉस को किसी दूसरे से पता चले, इससे अच्छा यह है कि आप खुद जाकर इसके बारे में अपने बॉस को बता दें। ऐसा करने से आप कई परेशानियों से बच जाएंगे।
मेल या पेपर पर लिखकर दें इस्तीफा
ऑफिशियल काम को लिखकर देना ही समझदारी होता है। ऐसे में आप रिजाइन का कारण बताते हुए रिजाइन मेल कर दें या पेपर पर लिखकर एक लिफाफे में डालकर बॉस को दें, इससे आपका रिजाइन ऑन रिकॉर्ड रहेगा। भविष्य में आपको किसी भी तरह की परेशानी नहीं आएगी क्योंकि मेल पर लास्ट वर्किंग डे की डेट लिखने से किसी भी तरह की दुविधा नहीं रहेगी।
अपने सारे काम पूरे करके जाएं
आपको जॉब छोड़ने से पहले अपने सारे पेंडिंग काम पूरे करके जाने चाहिए। किसी वजह से अगर आपका काम पूरा नहीं हो पाता है, तो आपको किसी अन्य कर्मचारी को हैंडओवर देते हुए अपने बॉस को लिखित रूप से सूचित करना चाहिए। इससे आपके ऊपर गैर जिम्मेदार होने का आरोप नहीं लगेगा।

