रिवरसाइड :वर्ल्ड कप के 35वें मैच में शुक्रवार को रिवरसाइड ग्राउंड पर दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 9 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही अफ्रीकी टीम ने श्रीलंका के खिलाफ वर्ल्ड कप में अपने जीत के क्रम को जारी रखा। यह उसकी लगातार चौथी जीत है। दक्षिण अफ्रीका को पिछली हार 1992 में मिली थी। उसके बाद अब तक कुल 5 मुकाबले हुए। एक मैच टाई रहा था। इस वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका की यह दूसरी जीत है। वह सेमीफाइनल की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुका है। इस हार के बाद श्रीलंका को अंतिम-4 में पहुंचने के लिए बाकी बचे दोनों मुकाबलों को जीतने होंगे। साथ ही पाकिस्तान, बांग्लादेश और इंग्लैंड के हारने की दुआ करनी होगी।
इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। श्रीलंका की पूरी टीम 49.3 ओवर में 203 रन पर ऑलआउट हो गई। उसके लिए कुसल परेरा और अविष्का फर्नांडो ने 30-30 रन की पारी खेली। ड्वाएन प्रिटोरियस और क्रिस मॉरिस ने 3-3 विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका ने 37.2 ओवर में 1 विकेट पर 206 रन बना लिए। उसके लिए कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने 96 और हाशिम अमला ने 80 रन बनाए। मलिंगा को एक सफलता मिली।
अमला-डुप्लेसिस ने 175 रन की साझेदारी की
अफ्रीकी टीम को पहला झटका 31 के स्कोर पर लगा था। क्विंटन डीकॉक 15 रन बनाकर लसिथ मलिंगा की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद अमला और डुप्लेसिस ने पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 175 रन की साझेदारी की। अमला ने इस वर्ल्ड कप में अपना दूसरा और डुप्लेसिस ने तीसरा अर्धशतक लगाया।
प्रिटोरियस ने तीन विकेट लिए
अविष्का फर्नांडो 30 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। प्रिटोरियस ने उन्हें आउट किया। प्रिटोरियस का वर्ल्ड कप में यह पहला विकेट है। फर्नांडो ने कुसल परेरा के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। परेरा को भी प्रिटोरियस ने आउट किया। कुसल मेंडिस 23 रन बनाकर प्रिटोरियस की गेंद पर आउट हुए।

