नई दिल्ली:जेएनयू में गत रविवार छात्रों पर हुए हमले को लेकर वीसी जगदीश कुमार को हटाए जाने की मांग कर रहे छात्रों ने राष्ट्रपति भवन तक मार्च करने का ऐलान किया। हालांकि, इस दौरान दिल्ली पुलिस ने छात्रों को खदेड़ते हुए हिरासत में ले लिया।
पुलिस द्वारा कई छात्रों को पीटा भी गया, जिसमें वे घायल हो गए। पुलिस ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की। कुछ छात्रों ने कनॉट प्लेस में सड़क किनारे खड़े होकर नारेबाजी भी की। उन्होंने वीसी जगदीश कुमार के खिलाफ नारे लगाए।
छात्रों के इस प्रदर्शन की वजह से जनपथ पर जाम की भी स्थिति हो गई। सीपी के इनर सर्किल पर ट्रैफिक रुक गया। वहीं, जनपथ से केजी मार्ग आने वाली सड़क पर लंबा जाम लग गया।
इससे पहले जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष आयशी घोष ने कहा कि एमएचआरडी के अधिकारियों से बैठक असंतोषजनक रही और फिर उन्होंने राष्ट्रपति भवन की और मार्च की घोषणा कर दी।
‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ पर कन्हैया का BJP पर हमला
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने गुरुवार को कहा कि छात्रों पर हुए हमले के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोग देश को नहीं तोड़ रहे हैं, बल्कि बीजेपी को तोड़ेंगे। जेएनयू में पांच जनवरी को छात्रों और शिक्षकों पर कई नकाबपोशों से हमला कर दिया था, जिसमें छात्रसंघ अध्यक्ष आयशी घोष समेत कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए थे। कन्हैया कुमार ने एचआरडी मंत्रालय के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बयान दिया।
राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च कर रहे JNU छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया

