नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को लोकसभा में किसानों की स्थिति को लेकर सरकार का पक्ष रखा। दरअसल, इससे पहले राहुल गांधी ने अपने भाषण में देश में किसानों की स्थिति को भयावह बताया था। इस पर सिंह ने कहा- दशकों तक सरकार चलाने वाले इस स्थिति के लिए जिम्मेदार हैं।
पांच साल में किसानों की आय बढ़ी- राजनाथ
राहुल ने कहा- मैं केरल में किसानों की दुर्दशा पर सरकार का ध्यान खींचना चाहता हूं। कल की घटना ने मुझे तकलीफ दी। वायनाड के किसान अनकित्तन (55) ने कर्ज के कारण आत्महत्या कर ली। इस साल यहां छह किसान आत्महत्या कर चुके हैं।
राहुल के मुताबिक सरकार किसानों की मदद करने के बजाए कारोबारियों को रियायत दे रही। ऐसी दोहरी नीति क्यों अपनाई जा रही? मैं सरकार से अनुरोध करता हूं कि रिजर्व बैंक यह सुनिश्चित करे कि बैंक किसानों को रिकवरी नोटिस की धमकी न दे।
इस पर राजनाथ ने कहा- किसानों की वर्तमान स्थिति को लेकर वे लोग जिम्मेदार हैं, जो दशकों से सरकार चला रहे थे। अधिकांश किसानों ने आत्महत्या भाजपा सरकार बनने से पहले की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने किसानों की आय दोगुना करने के प्रयास किए।
राजनाथ ने बताया- एक रिपोर्ट के अनुसार किसानों की आय में 20-25 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई। किसानों के लिए बहुत कुछ करना है। बहुत कुछ किया है। 5 सालों में किसानों की आत्महत्या की संख्या में कमी आई है। पिछले पांच साल में फसलों के समर्थन मूल्य में जितनी बढ़ोतरी हुई, उतनी आजादी के बाद किसी भी सरकार ने पांच साल में नहीं की।

