वायनाड:कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की संपत्ति पिछले पांच सालों में 68.93% बढ़ी है और अब 15.88 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है। यह जानकारी खुद कांग्रेस अध्यक्ष ने वायनाड लोकसभा सीट पर नामांकन पत्र भरने के दौरान बताईं। राहुल गांधी ने सौंपे गए हलफनामे में इस बात की जानकारी दी कि मौजूदा समय में उनके पास 15.88 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में राहुल ने अपनी कुल संपत्ति 9.40 करोड़ रुपये बताई थी।
वायनाड के अलावा राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने हलफनामे में बताया कि उन्होंने साल 1995 में कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के ट्रिनिटी कॉलेज से एमफिल (डिवेलपमेंट स्टडीज) किया है। हलफनामे में यह भी बताया गया है कि राहुल गांधी के पास कोई अपनी कार नहीं है और एसपीजी सुरक्षा प्राप्त होने के कारण उन्हें एसपीजी के वाहन में घूमना पड़ता है।
2004 लोकसभा चुनाव के दौरान बताई थी 56 लाख रु. की संपत्ति
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने साल 2004 में नामांकन के दौरान दिए गए हलफनामे में बताया था कि उनके पास महज 55 लाख 83 हजार 123 रुपये मूल्य की कुल संपत्ति है। फिर 2009 के अगले लोकसभा चुनाव में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति की कीमत 2 करोड़ रुपये बताई जो 2014 के लोकसभा चुनाव के वक्त 9 करोड़ 40 लाख रुपये हो गई।

