नई दिल्ली: लोकसभा चुनावों के नतीजों के बाद से ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपना इस्तीफा देने पर अड़े हैं। कांग्रेस के अंदर से पड़ रहे चौतरफा दबावों को दरकिनार करते हुए राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष बने रहने के आग्रह को बार-बार ठुकराया है। वहीं, इसी बीच 120 कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दिया है।बताया जाता है कि राहुल गांधी के बयान के बाद कांग्रेस के पदाधिकारियों ने यह कदम उठाया है। इस्तीफा देने वालों में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और सचिव शामिल हैं। इन लोगों ने राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया है।
इन नेताओं ने दिया इस्तीफा
बीते गुरुवार को विवेक तन्खा के इस्तीफे के बाद तमाम बड़े नेताओं ने इस्तीफा सौंपा। इस्तीफा देने में बड़े नेताओं में दिल्ली कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया भी शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने भी अपना इस्तीफा दे दिया है। वहीं, तेलंगाना कांग्रेस उपाध्यक्ष पूनम प्रभाकर ने भी अपना इस्तीफा सौंपा है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद इस्तीफे पर अडिग राहुल गांधी ने पार्टी की युवा इकाई के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि उनके पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश के बाद भी कुछ मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को अपनी जवाबदेही का अहसास नहीं हुआ।
सूत्रों के मुताबिक, गांधी ने अपने आवास पर बुधवार को भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की और इस्तीफे देने के निर्णय पर कायम रहने का अपना रुख दोहराया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह पार्टी प्रमुख नहीं रहते हुए भी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि वह इस बात से दुखी हैं कि उनके इस्तीफे के बावजूद पार्टी शासित राज्यों के कुछ मुख्यमंत्रियों, महासचिवों, प्रभारियों और वरिष्ठ नेताओं को अपनी जवाबदेही का अहसास नहीं हुआ।
गौरतलब है कि गांधी की यह टिप्पणी इस मायने में अहम है कि 25 मई को हुई कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ को लेकर विशेष रूप से नाराजगी जाहिर की थी।
सूत्रों के मुताबिक, गांधी ने यह भी कहा- ‘मैं अब अध्यक्ष नहीं रहूंगा…पार्टी में लोकतांत्रिक प्रक्रिया होनी चाहिए। किसी दूसरे को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। मैंने नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया से भी खुद को अलग करने का निर्णय लिया हैं। मैं पार्टी में सक्रिय रहूंगा और आपकी (युवाओं) तथा जनता की लड़ाई लड़ता रहूंगा।’
सूत्र ने कहा, ‘राहुल गांधी ने यह भी कहा कि बुजुर्ग नेताओं को अब अपने भविष्य की चिंता नहीं है, बल्कि युवाओं को चिंता है इसलिए अब कांग्रेस में भविष्य 45 वर्ष से कम आयु के नेताओं का है।’ गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद 25 मई को हुई पार्टी कार्य समिति की बैठक में राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी।
शीला दीक्षित ने 280 ब्लॉक समितियों को भंग कर दिया
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ हुई बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने 280 ब्लॉक समितियों को भंग कर दी। भंग करने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पुनर्गठन की तैयारी चल रही है। इसके साथ ही कार्यकारी अध्यक्षों ने भी इस्तीफा दे दिया है।
लोकसभा चुनाव-2019 में दिल्ली की सातों सीटों (नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और चांदनी चौक) पर हार के बाद आरोप-प्रत्यारोप और इस्तीफे की राजनीति के बीच शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित एवं प्रदेश प्रभारी पीसी चाको कांग्रेस आलाकमान राहुल गांधी के सामने पेश हुए हैं।

