नई दिल्ली:कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यूपी में कांग्रेस को कम आंकना गलत और एक बहुत बड़ी भूल होगी। कांग्रेस अध्यक्ष 11 जनवरी से संयुक्त अरब अमीरात के यात्रा पर जा रहे राहुल गांधी ने यूपी में पार्टी की रणनीति को लेकर ‘गल्फ न्यूज’ से बातचीत की। साक्षात्कार में राहुल ने इशारों ही इशारों में अकेले चुनाव लड़ने की बात भी कही। उन्होंने कहा, ‘कई रोमांचक चीजें हैं जो कांग्रेस यूपी में कर सकती है। उत्तर प्रदेश को लेकर कांग्रेस की रणनीति काफी पावरफुल है। लिहाजा उत्तर प्रदेश में हमें अपनी क्षमताओं पर पूरा भरोसा है और हम लोगों को चौंका देंगे।’
राहुल गांधी ने कहा कि हम विपक्ष को एकसाथ लाने का प्रयास कर रहे हैं। मैंने मीडिया में कुछ बयान सुने हैं, लेकिन हम साथ काम करके मोदी की हार सुनिश्चित करेंगे। मैं एक बार फिर कहना चाहता हूं कि यूपी में कांग्रेस को कम आंकना बहुत बड़ी भूल होगी। उन्होंने कहा, हमारा पहला लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराना है। कई राज्य हैं, जहां हम बहुत मजबूत हैं। वहां हम भाजपा को सीधी टक्कर देंगे। कई राज्य हैं जहां हम गठबंधन करके चुनाव लड़ेंगे। महाराष्ट्र, झारखंड, तमिलनाडु, बिहार में गठबंधन की संभावनाएं हैं। यहां गठबंधन का फॉर्मूला तैयार करने पर काम चल रहा है।

