नोएडा:कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा को सोमवार की शाम नोएडा के सेक्टर 11 स्थित मेट्रो अस्पताल में भर्ती किया गया। जानकारी मिली है कि, रॉबर्ट को पीठ और पैरों में दर्द की शिकायत है। उनका ऑर्थोपेडिक विभाग में उपचार चल रहा है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पुनीत उनका इलाज कर रहे हैं। उनका सीटी स्कैन भी किया गया। प्रियंका गांधी पूरी रात पति रॉबर्ट के साथ रहीं। सूचना मिलने के बाद कुछ स्थानीय नेता व दिल्ली के नेता अस्पताल पहुंचे। इसके बाद अस्पताल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
आज प्रियंका को आना था रायबरेली
मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में तीन दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। इसमें कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों के लिए तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। पति के अस्पताल में भर्ती होने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि, प्रियंका का रायबरेली दौरा रद्द किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हाल ही में घोषित हुए थे 51 शहर व जिलाध्यक्ष
कांग्रेस नेतृत्व ने हाल ही में कुशीनगर के तमुकही विधानसभा सीट से विधायक अजय कुमार लल्लू को कांग्रेस ने उप्र का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। इसके बाद 47 जिलों के अध्यक्ष व चार शहर अध्यक्षों का ऐलान किया गया। इस टीम में सबसे अधिक युवा हैं। नई कमेटी के पदाधिकारियों को वैचारिक प्रशिक्षण के साथ साथ लोगों से संपर्क व संचार के हुनर सिखाए जाएंगे।
रॉबर्ट वाड्रा नोएडा के मेट्रो अस्पताल में भर्ती, रात भर पत्नी प्रियंका गांधी रहीं साथ

