मुंबई:भायंदर पुलिस ने गुरुवार सुबह एक 42 वर्षीय शख्स को पत्नी की उसके ऑफिस में हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। हत्या करने के बाद कुमार भोइर ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, कुमार को अपनी पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था जिसकी वजह से उनकी आपस में कई बार लड़ाई भी होती रहती थी। इन सबसे परेशान होकर वीणा ने दो जनवरी को पति को बिना बताए घर छोड़ दिया था। भायंदर पुलिस के वरिष्ठ इंस्पेक्टर आर के जाधव ने बताया कि घर से जाने के बाद कुमार ने अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जाधव ने बताया कि मंगलवार सुबह कुमार वीणा के भायंदर (पश्चिम) स्थित वेंकेटेश अपार्टमेंट ऑफिस गया। वीणा ने ऑफिस का कंप्यूटर खोला ही था कि कुमार ने उससे बात करने के लिए कहा। इसके बाद दोनों ऑफिस की लॉबी में गए और बातचीत के दौरान बहस होने लगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बहस की वजह से कुमार ने चाकू निकाला और वीणा पर 15 बार वार किया। इसकी वजह से वीणा की मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने वीणा को अस्पताल पहुंचाया लेकिन पुलिस ने उसे मृत घोषित कर दिया। जाधव ने कहा, ‘हत्या करने के बाद कुमार हमारे पास सरेंडर करने को आया। हमने घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू को सीज कर दिया है।’
पुलिस ने कुमार को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुधवार को ठाणे कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा। जाधव ने कहा कि संभावना है कि कुमार को अपनी पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था जिसकी वजह से उसने पत्नी की हत्या की। हम अन्य सभी एंगल्स पर जांच कर रहे हैं।

