कराची:पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार (18 मार्च) को कहा कि निलंबित की गई पाकिस्तान सुपर लीग से जुड़े करीब सौ लोगों के कोविड-19 के परीक्षण कराए गए हैं, जिनमें खिलाड़ी भी शामिल हैं। एक विदेशी खिलाड़ी में कोविड 19 के लक्षण पाए जाने के बाद पीएसएल मंगलवार को स्थगित कर दी गई। क्रिकेटर से कमेंटेटर बने रमीज राजा ने बताया कि वह खिलाड़ी इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स हैं। हेल्स ने बाद में कहा कि बुखार और सूखी खांसी के कारण उन्होंने खुद को अलग कर लिया था।
पीसीबी के एक अधिकारी ने कहा, ”हमने आज रात या कल तक पहले परीक्षण के नतीजे मिलने की उम्मीद है।” उन्होंने कहा, ”अभी तक परीक्षण का कोई नतीजा नहीं मिला है लेकिन हम एहतियात के तौर पर सारे कदम उठा रहे हैं।”
यह पूछने पर कि क्या प्रोडक्शन टीम में रहे विदेशियों को स्वदेश लौटने की अनुमति मिल गई है? इसका अधिकारी ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया जारी है और परीक्षण के नतीजों का इंतजार है। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स ने हालांकि उन खबरों का खंडन किया है, जिसमें कहा जा रहा है कि हेल्स जब पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में खेल रहे थे तब वह कोरोना वायरस के लक्ष्ण से पीड़ित थे।
हेल्स ने एक बयान में कहा, “इस समय क्रिकेट दुनिया और सोशल मीडिया पर एक अफवाह चल रही है और उसे देखते हुए मुझे महसूस हुआ कि मुझे अपनी स्थिति को लेकर पूरी सफाई देने की जरूरत है। अन्य विदेशी खिलाड़ियों की तरह मुझे भी पीएसएल को छोड़ने की जल्दी महसूस हुई क्योंकि कोविड-19 विश्व स्तर पर फैल रहा है। मुझे लगा कि इस समय मुझे अपने परिवार के पास होना चाहिए।”
हेल्स ने आगे कहा, “मैं शनिवार तड़के इंग्लैंड लौट आया और उस समय मैं पूरी तरह से फिट था और मेरे अंदर कोई लक्षण नहीं थे। हालांकि जब मैं रविवार को सुबह उठा तो मुझे बुखार थे और फिर मैंने सरकार के निदेर्शों के अनुसार, खुद को भीड़ से अलग (सेल्फ आइसोलेशन) रखा। यह एक प्रक्रिया है, जिसे मैं अभी भी पूरा कर रहा हूं।”
सलामी बल्लेबाज ने कहा, “इस समय यह संभव नहीं है कि पूरी जांच हो, इसलिए मुझे उम्मीद है कि आज के बाद यह हो सकता है। इसलिए इसके बाद अब मेरे स्वास्थ्य के बारे में पूरी जानकारी मिल पाएगी।”
बता दें कि पाकिस्तान में कोरोना वायरस के अब तक 200 से ज्यादा मामलों की पुष्टि हो चुकी है। पाकिस्तान ने कोरोना वायरस के कारण ही बांग्लादेश के साथ होने वाले आगामी वनडे और टेस्ट मैच को स्थगित कर दिया है। बांग्लादेश की टीम को 29 मार्च को कराची पहुंचना था, जहां उसे मेजबान पाकिस्तान के साथ एक अप्रैल को वनडे और फिर पांच से नौ अप्रैल तक टेस्ट मैच खेलना था।

